फतेहाबाद। कोरोना संक्रमण को लेकर जिले में एक बार फिर से स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। अब अस्पताल में अगर खांसी-जुकाम व बुखार का मरीज आता है तो उसका कोविड टेस्ट किया जाएगा। अगर कोई कोरोना संक्रमित केस मिलता है तो वैरिएंट जानने के लिए सैंपल दिल्ली में लैब में भेजा जाएगा। जिले में कोरोना सैंपल बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं लेकिन फिलहाल स्थिति ये है कि कोविड सैंपल भेजने के लिए बजट नहीं है। वीरवार को जिले में मात्र 105 सैंपल लिए गए हैं।
विभाग ने अब 10 हजार रैपिड एंटीजन किट मांगी है। स्वास्थ्य विभाग के पास कोरोना टीकाकरण के लिए कोविशील्ड वैक्सीन नहीं है। मात्र दो फीसदी पात्रों ने ही बूस्टर डोज ली है। हालांकि जिला मुख्यालय में आरटीपीसीआर लैब, आठ बेड की आईसीयू और 500 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट एक्टिव स्थिति में है। कई देशों में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने के चलते यहां भी अलर्ट जारी किया गया है। जिले में अब कोई भी कोरोना संक्रमित केस मिलता है तो उसका सैंपल वेरिएंट जानने के लिए दिल्ली लैब में भेजा जाएगा।
अब तक दो फीसदी पात्रों ने ही लगवाई बूस्टर डोज
जिले में मात्र दो फीसदी पात्रों ने ही बूस्टर डोज लगवाई है। मात्र 902 स्वास्थ्यकर्मियों और 190 फ्रंटलाइन वर्कर्स ने बूस्टर डोज ली है। जिले में अब तक 686385 पात्र पहली, 478562 दूसरी और 16020 पात्र बूस्टर खुराक ले चुके है। यानी मात्र दो फीसदी ने ही बूस्टर डोज लगवाई है।
हालात : वैक्सीन न आइसोलेशन वार्ड तैयार
कोरोना को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने बेशक अलर्ट जारी कर दिया है। लेकिन अभी फिलहाल की स्थिति ये है कि स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के पास रैपिड एंटीजन किट नहीं है जो कि करीब चार माह पहले ही खत्म हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के पास कोविशील्ड वैक्सीन नहीं है जबकि सबसे ज्यादा इसकी डोज पात्रों को दी गई है, ऐसे में बूस्टर डोेज नहीं लग पा रही है। कोर्बेवैक्स वैक्सीन का स्टॉक दो माह पहले ही वापस मंगवा लिया गया था। कोवैक्सीन का स्टॉक भी सीमित है और जो है उसकी मियाद इस माह के अंत में खत्म हो जाएगी।
आइसोलेशन वार्ड किए जा चुके हैं खत्म
कोरोना संक्रमण को लेकर पिछले करीब एक साल से राहत है। स्वास्थ्य विभाग ने जिला नागरिक अस्पताल, उप नागरिक अस्पताल और सीएचसी स्तर पर आइसोलेशन वार्ड बनाए थे, कोविड एक्टिव केस दाखिल न होने के चलते वार्ड बंद किए जा चुके है। अभी फिलहाल आइसोलेशन वार्ड एक्टिव स्थिति में नहीं है।
कोविड में मिल चुका है ऑक्सीजन प्लांट और आइसीयू
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर खतरनाक रही थी। इस दौरान जिला नागरिक अस्पताल के लिए आईसीयू और ऑक्सीजन प्लांट मिला था। अब दोनों ही एक्टिव स्थिति में है। आईसीयू 8 बेड की है जो कि दो करोड़ से तैयार हुई है। इसके अलावा 500 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट भी एक्टिव स्थिति में है।
जिले में अब तक ये हुआ टीकाकरण
पात्र पहली डोज दूसरी डोज बूस्टर डोज
स्वास्थ्यकर्मी 4815 4758 902
फ्रंटलाइन वर्कर्स 2415 2030 190
60 साल से ऊपर 84263 64713 4564
45 से 59 साल 144209 120212 3507
18 से 44 साल 403454 270201 6857
15 से 17 साल 38925 13729 0
12 से 14 साल 8304 2919 0
जिले में ये रह चुकी है कोरोना संक्रमण की स्थिति
अब तक कुल सैंपलिंग : 427171
कोरोना संक्रमित मिले : 20257
संक्रमित स्वस्थ हो चुके : 19753
कोरोना संक्रमित की मौत : 503
फिलहाल एक्टिव केस : 1
कोट
कोरोना संक्रमण को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। विदेश से अगर कोई आता है तो उसकी जांच करवाई जाएगी। सैंपल बढ़ाने के आदेश सभी अस्पताल इंचार्ज को दिए जा चुके है। खांसी-जुकाम और बुखार का कोई मरीज आता है तो उसका सैंपल लिया जाएगा। कोरोना टीकाकरण को भी बढ़ाया जाएगा, लोगों को जागरूक किया जाएगा।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी विशेषज्ञ
कोट
कोरोना जांच को लेकर 10 हजार रैपिड एंटीजन किट मंगवाई गई है। किट से 30 मिनट में रिपोर्ट मिल जाएगी। जिले में अभी फिलहाल एक ही केस एक्टिव है जो कि ठीक है। लोगों से भी अपील है कि वह सावधानी बरतें।
-मेजर डॉ. शरद तुली, उप सिविल सर्जन