फतेहाबाद। बढ़ते साइबर अपराध और सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने एक और सख्त कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिद्धांत जैन के निर्देशानुसार ऐसे तत्वों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है जो सोशल मीडिया पर अपराधियों का महिमामंडन कर रहे हैं या आपराधिक प्रवृत्ति के अकाउंट्स को फॉलो कर अप्रत्यक्ष रूप से उनका समर्थन कर रहे हैं।
इसी सिलसिले में शनिवार का पुलिस ने एक इंस्टाग्राम अकाउंट फॉलो करने वाले जाखल के नौ युवकों को नोटिस जारी कर सीआईए कार्यालय में तलब किया। पूछताछ के दौरान सभी ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से उक्त अकाउंट को अनफॉलो व ब्लॉक कर दिया। पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए और सोशल मीडिया अकाउंट्स से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी एकत्र कीं।
जांच अधिकारी वेदपाल ने बताया कि दौरान क्षेत्र के मौजिज व अन्य गणमान्य व्यक्तियों को भी आमंत्रित कर युवाओं को सोशल मीडिया पर आपराधिक प्रवृत्ति वाले अकाउंट्स से दूर रहने और सतर्कता बरतने के लिए जागरूक किया गया। सोशल मीडिया के माध्यम से समाज में गलत सूचना फैलाने, अपराध को बढ़ावा देने या सामाजिक माहौल बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।