फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: नौ डीसी बदल गए, फिर भी नहीं सुधरवा सके घर के सामने बना पार्क

विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहाबाद। जिले के नौ उपायुक्त बदल गए, लेकिन लघु सचिवालय के द्वितीय खंड के पास बने कन्हैया पिजेंट्स पार्क की हालत नहीं सुधर सकी है। हैरानीजनक बात यह है कि पार्क डीसी आवास के सामने ही बना हुआ है। जहां जिले के मुखिया बैठते हैं, वहां के पार्क के यह हालत हैं, तो दूसरे पार्कों का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। अब नए मुखिया का भी दावा है कि पार्क में सुधार करवाया जाएगा। मगर हालात बदलेंगे, या वही रहेंगे। यह भविष्य के गर्भ में हैं।
विज्ञापन

दरअसल, साल 2016 में तत्कालीन उपायुक्त एनके सोलंकी एवं एडीसी जेके आभीर के प्रयासों से लघु सचिवालय में यह पार्क बना था। 70 लाख रुपये खर्च किए गए। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन 25 अगस्त 2016 को इस पार्क का उद्घाटन किया गया। इसलिए इसका नाम भी कन्हैया पिजेंट्स पार्क रखा गया। इस पार्क में करीब 10 लाख रुपये से पौधे लगाए गए थे। मगर अब पार्क की हालत जंगल जैसी हो गई है। इस पार्क की अब कोई देखरेख नहीं कर रहा है। नगर परिषद व लोक निर्माण विभाग के अधिकारी इस पार्क को लेकर एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर पल्ला झाड़ रहे हैं। पार्क सिर्फ दो साल तक ही ठीक रहा था। बाद में एनके सोलंकी सेवानिवृत्त हो गए तो जेके आभीर का 14 फरवरी 2019 को तबादला हो गया। फिर पार्क राम भरोसे हो गया।

पार्क में सफाई तक नहीं हो रही, व्यर्थ गए 70 लाख
जब यह पार्क बना तो लघु सचिवालय के अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक को उम्मीद जगी कि खाली समय यहां बिताया जा सकेगा। खासकर, लंच टाइम में कर्मचारी पार्क में बैठकर खाना खाने की आस लगाए हुए थे। शुरुआत में सजावटी पौधों ने पार्क की सुंदरता बढ़ाई। मगर बाद में हालात बद से बदतर होते गए। जगह-जगह झाड़ियां उग चुकी हैं। नाम न छापने की शर्त पर कर्मचारियों ने बताया कि पार्क में सफाई तक नहीं हो रही है। जो भी डीसी जिले में आया, हर डीसी के समक्ष इस पार्क की समस्या रखी गई। कर्मचारी भी पार्क की सुध लेने की मांग कर चुके हैं। मगर न कोई सुध ली गई और न ही पार्क की बेहतरी हो पाई।
विज्ञापन


डीसी निवास से कुछ ही दूरी पर बने पार्क के प्रति भी गंभीर नहीं अधिकारी
डीसी निवास से मात्र कुछ ही कदम की दूरी पर स्थित इस कन्हैया पिजेंट्स पार्क का सुधार करवाने को लेकर कोई अधिकारी गंभीर नहीं है। नगर परिषद के अधिकारी इसे लोक निर्माण विभाग का बता देते हैें जबकि लोक निर्माण वाले नगर परिषद का जिम्मा बता देते हैं। बदहाली इतनी हो गई है कि इस पार्क में अब जाने से भी डर लगता है। पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार पर अधिकारियों की गाड़ियां खड़ी होती हैं। यह पार्क कम जंगल अधिक लगता है। बड़ी-बड़ी घास व आक के पौधे उग आए हैं। बच्चों के झूलने के लिए लगाए गए झूले के आसपास बड़ी-बड़ी कंटीली झाड़ियां उग आई हैं। पार्क में रखे बेंच व शेड का बुरा हाल है। सैर करने के लिए बनाए गए ट्रैक पर तो जंगली पौधों का जाल बिछ गया है।
विज्ञापन

कोट
हमारे पास जितने भी पार्क रखरखाव के लिए हैं, उनकी हमारे पास सूची बनी हुई है। इस पार्क का रखरखाव का जिम्मा हमारे पास नहीं है।

- राजेंद्र सोनी, ईओ, नगर परिषद फतेहाबाद

कोट
लोक निर्माण विभाग का काम इमारतें व सड़कें बनाने का है। जिस पार्क की बात की जा रही है, हमारे विभाग के पास इस पार्क के रखरखाव का कोई जिम्मा नहीं है।

गजेंद्र कुमार, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, फतेहाबाद
कोट
लघु सचिवालय में बनाए गए कन्हैया पार्क में निश्चित रूप से सुधार करवाया जाएगा।
राहुल नरवाल, डीसी, फतेहाबाद

जेके आभीर के तबादले के बाद ये रह चुके डीसी
धीरेंद्र खड़गटा : 14 फरवरी 2019 से 29 दिसंबर 2019

रवि प्रकाश गुप्ता : 30 दिसंबर 2019 से 20 मई 2020
डॉ.नरहरि बांगड़ : 20 मई 2020 से 9 जून 2021
महावीर कौशिक : 9 जून 2021 से 23 नवंबर 2021
प्रदीप कुमार : 25 नवंबर 2021 से 29 अगस्त 2022
जगदीश शर्मा : 29 अगस्त 2022 से 11 अप्रैल 2023
मनदीप कौर : 12 अप्रैल 2023 से 19 अगस्त 2023

प्रशांत पंवार : 21 अगस्त 2023 से 15 सितंबर 2023
अजय सिंह तोमर : 16 सितंबर 2023 से 2 मार्च 2024
राहुल नरवाल : 5 मार्च से अब तक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें