जिले में रोजाना आ रहे कोरोना संक्रमण के आंकड़े राहत देने वाले हैं। शनिवार दोपहर तक बीते चौबीस घंटे में 1443 लोगों के सैंपल लिए गए, जिनमें से 91 लोग संक्रमित मिले हैं। यह आंकड़ा अप्रैल व मई के शुरुआती दिनों को देखते हुए काफी कम है। करीब एक माह पहले रोजाना 300 से 350 के बीच में नए केस मिल रहे थे। तब भी इतने ही सैंपल रोजाना लिए जा रहे थे, जितने अब लिए जा रहे हैं। हालांकि कोरोना से मरने वालों की संख्या में ज्यादा कमी नहीं आई है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को पांच लोगों की मौत हुई है। मरने वालों की सभी की उम्र 50 साल से अधिक थी। विभाग के मुताबिक जिन लोगों की मौत हुई है, ये ज्यादातर पहले से संक्रमित थे, जो समय पर इलाज नहीं ले पाए थे। कुछ दिनों बाद मौत के आंकड़े भी कम होने की उम्मीद है। अब तक जिले में कोरोना के कारण 402 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत की बात ये है कि नए संक्रमितों की तुलना में दो गुना ज्यादा लोग ठीक होकर घर लौट रहे हैं। शनिवार को 198 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। अब तक जिले में 16 हजार 801 लोग संक्रमित हुए हैं, जिनमें से 15035 स्वस्थ हो चुके हैं।
इनकी हुई है मौत
ढाणी सांचला का 70 वर्षीय बुजुर्ग भूना के नागरिक अस्पताल में दाखिल था।
गांव किरढ़ान की 58 वर्षीय महिला फतेहाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती थी।
भूना की 63 वर्षीय महिला ने भूना के नागरिक अस्पताल में दम तोड़ा।
फतेहाबाद के 85 वर्षीय बुजुर्ग की नागरिक अस्पताल में मौत हुई है।
टोहाना के 52 वर्षीय महिला की हिसार के अस्पताल में मौत हुई है।
जिले में अब तक की स्थिति
सैंपल लिए : 1 लाख 96 हजार 527
पॉजिटिव केस मिले : 16 हजार 801
फिलहाल सक्रिय केस : 1369
होम आइसोलेट मरीज : 989
मौत हो चुकी : 402
फिलहाल रिकवरी दर : 89.49
ठीक होने वालों की संख्या दोगुना हुई
शनिवार के आंकड़ों के अनुसार ठीक होने वालों की संख्या दोगुना रही है। शनिवार को 198 व्यक्ति ठीक हुए हैं जबकि संक्रमितों की संख्या 91 रही है। जिले में फतेहाबाद शहर में 11, टोहाना में 7, रतिया शहर में 4, रतिया ग्रामीण में 24, भट्टूकलां में 27, बड़ोपल में 5, भूना में 5 व जाखल में 8 केस दर्ज किए गए हैं।
अब तक 1.51 लाख लोगों को लगी वैक्सीन
जिला में अब तक 1 लाख 51 हजार 748 लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है। शनिवार को 1014 लोगों को वैक्सीन दी गई है। इनमें 18 से 44 आयु वर्ग के 420 लोग, 45 से 59 वर्ष आयु वर्ग के 420 लोगों को वैक्सीन दी गई, जिनमें से 411 को प्रथम तथा 9 लोगों को दूसरी डोज दी गई। 60 वर्ष से अधिक आयु के 173 बुजुर्गों ने डोज ली, जिनमें से 155 ने पहली डोज ली है। जिले में पहली डोज लेने वालों की संख्या 1 लाख 27 हजार 520 तथा दूसरी डोज लेने वाले नागरिकों की संख्या 24 हजार 228 है।
आज 23 स्थानों पर लगेगी वैक्सीन : सोखी
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुनीता सोखी ने बताया कि रविवार को जिले में 23 जगहों पर वैक्सीनेशन कैंप लगेंगे। नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में 45 वर्ष से ऊपर वालों को पहली डोज, गुरुद्वारा जगजीवनपुरा, डॉ. आत्मप्रकाश अस्पताल, अशोक नगर, पोली क्लीनिक, पीपीसी टोहाना, आर्य समाज मंदिर टोहाना, यूपीएचसी टोहाना व बीघड़ में 45 से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों को पहली व दूसरी डोज दी जाएगी। सीएचसी रतिया में 18 से अधिक आयु वर्ग के पात्रों को वैक्सीन लगेगी। पीएचसी नागपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूना, सब सेंटर गोरखपुर, सब सेंटर बैजलपुर, सब सेंटर जांडली कलां व खुर्द तथा मोचीवाली में 45 से अधिक आयु वर्ग के लोगों को पहली डोज लगाई जाएगी।