भूना से रतिया की ओर जाने वाला मार्ग।
फतेहाबाद। हरियाणा राज्य कृषि विपणन मंडल की ओर से भूना-रतिया रोड पर हसंगा तक नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क के निर्माण पर डेढ़ करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है और टेंडर लगने के बाद यहां पर कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने 24 अगस्त 2022 को इस सड़क के निर्माण को मंजूरी दी थी। इसके बाद इसका एस्टीमेट बनाकर हरियाणा राज्य कृषि विपणन मंडल ने मुख्यालय को भेजा था, जिसे मंजूरी मिल गई है। यह सड़क भूना से रतिया रोड पर गांव नाढ़ोड़ी व हसंगा तक बनाई जाएगी। पहले यह सड़क कच्ची थी, जिस कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब इसकी मंजूरी मिलने पर यहां पर तारकोल की सड़क बिछ़ाई जाएगी। हरियाणा राज्य कृषि विपणन मंडल ने इसके लिए 1,58,86419 रुपये का टेंडर लगाया है। यह टेंडर 16 जनवरी को लगाया गया है और 7 फरवरी को टेंडर खोले जाएंगे। टेंडर के दौरान जो एजेंसी आएगी, उसको नियम व शर्तें बताकर निर्माण कार्य की मंजूरी दी जाएगी।
भूना से रतिया, नाढ़ोडी व हसंगा के लिए सड़क का निर्माण किया जाना है। यह सड़क सीएम घोषणा में शामिल थी और अब इसका 1,58,86419 रुपये का टेंडर जारी कर दिया गया है। टेंडर खुलने के बाद सड़क का निर्माण आरंभ कर दिया जाएगा।
-आनंद कुमार, कार्यकारी अभियंता, एचएसएएमबी बोर्ड।