पिछले दो बरस से नए बस अड्डे की बाट जोह रहे शहर वासियों का इंतजार अभी और लंबा खिंच सकता है। तीन बार डेडलाइन बढने के बावजूद नए बस अड्डे का निर्माण अपने नवनिर्धारित तय समय के अंदर पूरा होता अभी तक नहीं दिख रहा। इतना ही नहीं, नए बस अड्डे का निर्माण पूरा होने की डेडलाइन को लेकर भी रोडवेज विभाग एवं ठेकेदार के बीच दबी जुबान में विवाद सामने आता नजर आ रहा है। हालांकि रोडवेज विभाग के अधिकारियों की बड़ी समस्या अभी भी वो जमीन ही है जिससे पब्लिक गेट व बाईपास से बस स्टैंड को जोड़ने वाली सड़ बनाई जानी थी लेकिन अभी तक किसानों व हुडा के बीच रेट को लेकर शायद सहमति नहीं बन सकी है जिसके चलते अब विभाग इस मामले पर और ढील देने की बजाए फिलहाल एक साइड से ही इंट्री-एग्जिट बनाने पर विचार कर रहा है।
यहां बता दें कि बस स्टैंड के निर्माण के लिए कुल 8 एकड़ भूमि अधिग्रहण की जानी थी। उक्त 8 एकड़ में बस स्टैंड भवन उसमें पब्लिक गेट व नेशनल हाइवे तक 45 मीटर चौड़ी सड़क भी शामिल थी लेकिन हुडा के अधिकारी पब्लिक गेट की 23 मरले व बाईपास की जमीन का अधिग्रहण करना ही भूल गए।
पहले 15 जनवरी तक थी डेडलाइन, अब 31 दिसंबर तक करना है पूरा
नए बस स्टैंड का निर्माण कार्य अप्रैल 2017 में शुरू किया था। उस समय प्रोजेक्ट की डेडलाइन 15 जनवरी 2019 रखी गई थी। लेकिन काम में ढिलाई के चलते इसे बढ़ाकर अप्रैल 2019 किया गया। लेकिन इसके बावजूद भी नए बस अड्डा निर्धारित समय में तैयार नहीं हो सका। जिसके बाद विभाग ने एक बार फिर इस प्रोजेक्ट की डेडलाइन बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी है। महज 5 दिन शेष होने के बावजूद अभी तक नए बस अड्डे का निर्माण अभी भी काफी हद तक अधूरा ही है। उधर रोडवेज जीएम अब इस मामले में ठेकेदार पर जुर्माना लगाने की बात कह रहे हैं।
12 एकड़ में था प्रस्तावित, फिर 8 एकड़ में हुआ फाइनल
फतेहाबाद के हिसार रोड पर निर्माणाधीन नया बस अड्डा पहले 12 एकड़ में बनाया जाना प्रस्तावित था, लेकिन ऐन मौके पर सरकार ने इसे घटाकर 8 एकड़ में फाइनल कर दिया था। इस 8 एकड़ के लिए रोडवेज विभाग ने 8 एकड़ जमीन के कुल 22 करोड़ 65 लाख 67 हजार रुपये हुडा को दिए हैं लेकिन बस स्टैंड के पब्लिक गेट व बाईपास से जोड़ने वाली सड़क के लिए जमीन अधिग्रहित न होने से निर्माण की गति धीमी हुई है। रोडवेज जीएम की मानें तो अब रोडवेज इन दोनों जरूरतों को भविष्य के लिए लंबित छोड़कर दूसरे विकल्पों के साथ जल्द शुरू करने की तैयारी में जुट गया है।
‘31 दिसंबर तक ठेकेदार को नए बस स्टैंड का निर्माण कार्य पूरा कर रोडवेज को सुपुर्द करना है। अगर ऐसा नहीं होता तो ठेकेदार पर पेनल्टी लगाने के बारे में सोचेेंगे। जमीन अधिग्रहण का कुछ काम लंबित है, लेकिन अब इंतजार नहीं करेंगे, दूसरे विकल्पों के साथ इसे जल्द स्टार्ट करेंगे।’ -आरएस पूनिया, रोडवेज जीएम, फतेहाबाद ।