फतेहाबाद। शहर में चल रहे कॉमन सर्विस सेंटरों पर ऑनलाइन आवेदन के नाम पर तय फीस से ज्यादा वसूली करने की मिल रही शिकायतों के चलते ईओ ऋषिकेश चौधरी ने टीम के साथ छापे मारे। टीम को कई जगहों पर सीएससी संचालक आवेदन फीस 30 की जगह 70 से 100 रुपये वसूलते मिले। हालांकि पूछने पर टीम को बताया गया कि ग्राहक की डिमांड पर रंगीन प्रिंट, लेमिनेशन और प्लास्टिक आधार के नाम पर अलग से राशि वसूली जा रही है।
इसके अलावा टीम को सीएससी पर रेट लिस्ट भी नहीं मिली। ये भी नहीं लगाया गया था कि क्या-क्या सर्विस दी जा रही है। इस कार्रवाई में ईओ ऋषिकेश चौधरी, सीएससी जिला प्रबंधक शिल्पा रानी, सफाई निरीक्षक महेश कुमार, डीईओ पंकज भी शामिल रहे। टीमने फतेहाबाद शहर के माजरा रोड, डीएसपी रोड, जाट धर्मशाला, बीघड़ रोड, नगर परिषद कार्यालय के पास सीएससी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने मौके पर वीडियोग्राफी की। इसके अलावा छापे की रिपोर्ट बनाकर एडीसी को भेजी है।
आयुष्मान कार्ड फीस लेने पर सात सीएससी को पहले जारी हो चुके नोटिस
सीएससी जिला प्रबंधक की टीम ने पिछले दिनों गांवों और शहर में कॉमन सर्विस सेंटरों पर छापेमारी की थी। टीम को सात केंद्रों पर संचालक आयुष्मान कार्ड बनाने की फीस लेते मिले थे। टीम ने संबंधित को नोटिस जारी किए थे। इसके बाद इनकी आईडी पर आयुष्मान कार्ड बनाने की सेवाएं बंद कर दी गई थी।
कोट
टीम ने निरीक्षण किया था, कई जगहों पर रेट लिस्ट नहीं लगी मिली। इस संबंध में सीएससी संचालकों को चेतावनी दी गई है कि सरकार के नियम अनुसार रेट लिस्ट लगाई जाए ताकि सिटीजन को पता हो कि इस सर्विस की ये फीस है।
-शिल्पा रानी, जिला प्रबंधक, सीएससी
कोट
एडीसी के आदेश पर 10 से 12 सीएससी का औचक निरीक्षण किया गया। कई सीएससी पर आवेदन फीस 30 रुपये से ज्यादा ली जा रही थी, संचालकों ने बताया कि ग्राहक की डिमांड पर लेमिनेशन और रंगीन प्रिंट की फीस ली जा रही है। रेट लिस्ट न मिलने पर चेतावनी जारी की गई है।
-ऋषिकेश चौधरी, ईओ, नगर परिषद