उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, भारत सरकार ने राशन कार्ड धारकों की मदद के लिए मेरा राशन मोबाइल एप लांच किया है। यह भारत सरकार द्वारा शुरू की गई वन नेशन-वन राशन कार्ड योजना के अंतर्गत शामिल है। कोई भी राशन कार्ड धारक उपभोक्ता इस एप को अपने एंड्रॉइड स्मार्टफोन के गूगल प्ले स्टोर में डाउनलोड कर सकता है। इस एप के माध्यम से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभार्थी स्वयं यह चेक कर सकेंगे कि उनको कितना अनाज मिलेगा। इसके अतिरिक्त इस एप के माध्यम से जरूरतमंद यानी गरीब परिवार के लोगों को आसपास के राशन डिपो की लोकेशन, साथ ही राशन कार्ड पर मिलने वाली सुविधाओं की पूरी जानकारी मिलेगी। खास बात ये है कि इस एप के जरिये पात्र देश के किसी भी राज्य में जाकर नजदीक के डिपो से राशन ले सकते हैं।
जागरूकता के लिए प्रचार करने को कहा
इसको लेकर उपायुक्त डॉ. नरहरि सिंह बांगड़ ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मेरा राशन एप को एसएमएस के माध्यम से बढ़ावा देने के संबंध में सभी आवश्यक कदम उठाएं। इस एप की जागरूकता के लिए जिला में पोस्टर, बैनर, होर्डिंग आदि के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया जाए। राशन डिपो और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर इनका प्रदर्शन किया जाए।
दूसरे शहर में भी ढूंढ सकेंगे डिपो
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक विनीत गर्ग ने बताया कि जिला में राशन कार्डधारक अगर अपने निवास स्थान बदलकर देश के किसी दूसरी जगह पर चले जाते हैं, वहां पर भी वे अपने मोबाइल पर देख सकते हैं कि नजदीक में राशन डिपो कहां पर है और वहां पर कौन-कौन सी सुविधाएं उनके लिए उपलब्ध हैं। इस एप का फायदा खासतौर पर प्रवासी लोग उठा सकेंगे, क्योंकि वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत राशन कार्ड धारक देश में कहीं भी और किसी भी राशन की दुकान से अपने हिस्से का राशन प्राप्त कर सकते हैं।
योजना का लाभ उठाएं नागरिक : उपायुक्त
जिला के सभी राशन डिपो तथा सार्वजनिक स्थानों पर उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए पोस्टर, बैनर इत्यादि लगाए गए हैं और यह प्रक्रिया भविष्य में भी जारी रहेगी, ताकि उपभोक्ता इनकी जानकारी प्राप्त कर योजनाओं का लाभ उठा सकें।
-डॉ. नरहरि सिंह बांगड़, उपायुक्त, फतेहाबाद।