फतेहाबाद। अपनी फेसबुक आईडी पर देश विरोधी पोस्ट शेयर करने के मामले में पुलिस ने मुश्ताक अहमद को शनिवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी मुश्ताक को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हालांकि मुश्ताक अहमद की जमानत याचिका पर सोमवार को जिला अदालत में सुनवाई होगी।
बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मुश्ताक अहमद पर देश विरोधी पोस्ट शेयर करने के बारे में मामला दर्ज किया था। मामला दर्ज होने के बाद मुश्ताक अहमद अस्पताल में भर्ती हो गया था। उनके परिवार के लोगों का कहना था कि मुश्ताक अहमद को हृदय की बीमारी है और उसका इलाज चल रहा है लेकिन पुलिस ने शनिवार को उसको गिरफ्तार कर लिया।
सुरक्षा एजेंसियां हुई एक्टिव
मुश्ताक अहमद के देश विरोधी पोस्ट फेसबुक पर शेयर करने के मामले में केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। मुश्ताक अहमद के फोन को पहले ही पुलिस अपने कब्जे में ले चुकी है, वहीं केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी ने फतेहाबाद के उन भाजपा नेताओं से भी संपर्क किया है। जिन्होंने मुश्ताक अहमद के खिलाफ शिकायत दी थी।
ऐसे लोगों का होना चाहिए सामाजिक बहिष्कार : बराला
बीजेपी के राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने शनिवार को जवाहर चौक में तिरंगा यात्रा के दौरान खुले मंच से लोगों से यह आह्वान किया कि जिस भी व्यक्ति ने पाकिस्तान का साथ दिया, उसका सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए। बराला ने कहा कि उनके संज्ञान में मामला आया था कि फतेहाबाद के एक व्यक्ति ने पाकिस्तान के समर्थन में और देश विरोधी पोस्ट फेसबुक पर शेयर की है। प्रधानमंत्री व गृहमंत्री का एडिट वीडियो डालकर अपमान किया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने कुछ अधिकारियों से बातचीत की और सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। सुभाष बराला ने इस मामले में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी भी कर्मचारी ने ऐसे कृत्य करने वाले व्यक्ति को बचाने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, उसे बख्शा नहीं जाएगा।