फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हड़ोली में रंजिश के चलते कुटिया में रह रहे बुजुर्ग की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
गांव हड़ोली में कुटिया में रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग की रंजिश के चलते हत्या कर दी गई। हत्या के मामले में नागपुर चौकी पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई न करने के विरोध स्वरूप गांव के लोगों ने रतिया-सरदूलगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। बाद में रतिया के सदर थानाध्यक्ष रूपेश चौधरी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया। देर शाम को रतिया पुलिस ने मृतक के भतीजे जीता सिंह की शिकायत पर गांव के चार लोगों के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
विज्ञापन

जानकारी अनुसार गांव हड़ोली निवासी अविवाहित 65 वर्षीय परमानंद काफी समय से रतिया रोड पर बने हुए पेट्रोल पंप के पास अपनी कुटिया बनाकर रह रहा था। बताया गया है कि सुबह गांव के कुछ लोग वहां से गुजर रहे थे तो उन्होंने वहां खून के निशान देखे जिस पर गांववासियों ने परमानंद के परिवार को सूचित किया। परमानंद के परिजन जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि परमानंद का शव चारपाई पर पड़ा था और उसके मुंह व नाक पर खून बिखरा हुआ था। आसपास भी खून के निशान लगे हुए थे। जिस पर उन्होंने इसकी सूचना रतिया पुलिस को दी। सूचना मिलने पर नागपुर चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने नागपुर पुलिस कर्मचारियों के सामने गांव के ही चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया और बताया कि गांव के ही सुरेंद्र, सुखदेव, रिंका व कुलदीप ने कुछ समय पूर्व भी परमानंद की कुटिया पर हमला कर घायल कर दिया था और कुटिया को भी तोड़ दिया था। उस समय उक्त चारों लोगों ने परमानंद को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसलिए उक्त चारों लोगों ने ही पुरानी रंजिश के चलते परमानंद की हत्या की है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग की। आरोप है कि नागपुर पुलिस चौकी के कुछ कर्मचारियों ने इस पर जब टालमटोल का रवैया अपनाया तो परिजनों व गांववासियों ने रतिया-सरदूलगढ़ रोड पर चारपाई सहित शव को सड़क के बीच में रखकर जाम लगा दिया।
जाम के दौरान रोडवज की बस सहित कई वाहन फंस गए। सूचना मिलते ही रतिया सदर थानाध्यक्ष रूपेश चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों को समझाना शुरू किया। कुछ देर तक तो परिजन व ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में काफी प्रयास के बाद थानाध्यक्ष ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया। इसके बाद शव को सड़क से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए रतिया नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया।
विज्ञापन

रतिया पुलिस ने मृतक परमानंद के भतीजे जीता की शिकायत पर गांव हडोली के ही सुरेंद्र, सुखदेव सिंह, रिंका व कुलदीप के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की पूरी जांच की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। -रूपेश चौधरी, प्रभारी, सदर थाना पुलिस, रतिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें