फतेहाबाद। शहर के पार्कों और हरित पट्टी और एचएसवीपी सेक्टर तीन के सभी पार्क को नगर परिषद एक बार फिर से संस्थाओं और आरडब्ल्यूए को गोद देने जा रहा है। इसको लेकर नगर परिषद ने संस्थाओं से आवेदन मांगे हैं। 21 अक्तूबर के बाद नगर परिषद चयनित संस्थाओं को उनके अनुभव के आधार पर पार्क गोद देगा।
नगर परिषद इसके लिए संबंधित संस्था को भुगतान भी करेगा। पार्क गोद देने से सबसे ज्यादा फायदा एचएसवीपी सेक्टर तीन के पार्क व हरित पट्टी को होने जा रहा है। वजह ये है कि इनकी कोई देखभाल करने वाला नहीं है। यहां करीब 10 पार्क हैं। हालात ये है कि देखरेख के अभाव में यहां पर घास और कांटेदार झाड़ियां उग चुकी हैं।
ये हैं शहर में मुख्य पार्क
रानी लक्ष्मीबाई पार्क
शिवपुरी पार्क
एमसी कॉलोनी पार्क
पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क
संदूजा अस्पताल के सामने पार्क
अरोड़ा वैष्णो भोजनालय के सामने पार्क
डॉ. आंबेडकर पार्क
टैक्सी स्टैंड पार्क
उमेश अल्ट्रासाउंड के सामने पार्क
एचएसवीपी सेक्टर तीन के पार्क
पपीहा पार्क
ग्रीन बेल्ट
मॉडल टाउन के अंदर 10 पार्क
-
बाहर की संस्थाओं को देने से हुआ था विरोध
नगर परिषद पार्कों को हर साल संस्थाओं को गोद देता है। लेकिन 6 माह पहले इनका ठेका खत्म हो गया। तीन माह तक नगर परिषद इनकी सार-संभाला ही नहीं कर पाया। अगस्त में नगर परिषद ने सेक्टर व शहर के पार्कों को संस्थाओं को गोद दिया था। लेकिन मुख्य पार्क बाहर की संस्थाओं को गोद देने से स्थानीय संस्थाओं ने इसका विरोध किया हुआ तो प्रशासन ने ठेका रद्द कर दिया था। हालांकि शहर के पार्कों की संभाल के लिए नगर परिषद ने ठेके पर 20 कर्मचारी लगा रखे हैं। लेकिन इनका भी अब अनुबंध खत्म होने वाला है। इसके चलते नगर परिषद फिर से इन्हें गोद देने की तैयारी में है।
-
चार रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से होगा भुगतान
नगर परिषद के पास कर्मचारियों की कमी के चलते हर साल पार्कों और ग्रीन बेल्ट को गोद दिया जा रहा है। इनकी सफाई और संभाल की जिम्मेदारी संस्थाओं की होती है। नगर परिषद इसको लेकर 4 रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से भुगतान करता है। हर साल इसमें पांच फीसदी की बढ़ोतरी होती है।
-
शहर के पार्कों और हरित पट्टी और सेक्टर तीन के पार्कों को आरडब्ल्यूए और एनजीओ को गोद दिया जाना है। इसके लिए आवेदन मांगे गए हैं। संस्था विस्तृत परियोजना रिपोर्ट कार्यालय को दे सकता है। इसके बाद चयनित संस्था को पार्क गोद दिया जाएगा।
- सुरेंद्र कुमार, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, फतेहाबाद।