फतेहाबाद के लालबत्ती चौक पर अवैध बैनर को उतारते हुए नगर परिषद कर्मचारीस्त्रोत नगर परिषद
फतेहाबाद। नगर परिषद टीम ने शुक्रवार दोपहर को शहर में अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग हटाने को लेकर अभियान चलाया। सचिव गोबिंद और एसआई महेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने निजी भवनों की दीवारों और शहर में चौक-चौराहों पर लगे करीब 50 अवैध होर्डिंग को उतारा।
टीम की इस कार्रवाई के दौरान निजी भवन मालिकों में हड़कंप की स्थिति रही। नगर परिषद ने शहर में होर्डिंग लगाने को लेकर 19 जगहों का चयन किया हुआ है। यहां पर होर्डिंग लगाने के लिए नगर परिषद से ऑनलाइन अनुमति लेना जरूरी है। होर्डिंग लगाने के लिए कलेक्टर रेट पर फीस तय की गई है।
नगर परिषद की सख्ती के बावजूद निजी भवनों की दीवारों पर होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। इसके चलते नगर परिषद टीम ने अभियान चलाकर निजी भवनों की दीवारों पर लगाए गए होर्डिंग को उतारा और उनके मालिकों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
- लालबत्ती चौक पर लगे मिले होर्डिंग
नगर परिषद ने लालबत्ती चौक पर होर्डिंग लगाने के लिए जगह तय की हुई है। यहां पर बिना मंजूरी बैनर लगाए जा रहे हैं। इसके चलते नगर परिषद ने कार्रवाई करते हुए बैनर उतरवा दिए। सचिव गोबिंद ने बताया कि अवैध होर्डिंग को लेकर पहले मुनादी करवाई गई थी। जिन लोगों ने होर्डिंग नहीं उतारे, वहां से टीम ने कार्रवाई कर उनको उतारा है।