फतेहाबाद। शहर के हंस मार्केट से तीन दिन से लगातार नप कर्मचारी अतिक्रमण हटा रहे हैं लेकिन दुकानदार दोबारा सामान रख रहे हैं। बुधवार को नगर परिषद कर्मचारी अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचे तो दुकानदारों ने हंगामा कर दिया। दुकानदारों और नप कर्मचारियों के बीच नौबत हाथापाई तक आ गई। बाद में पुलिस कर्मचारियों ने स्थिति को संभाला। इसके बाद नप ने 15 दुकानों के आगे रखे सामान को जब्त कर कार्यालय में रखवा दिया। मंगलवार को जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में भी इसको लेकर मामला उठा था। इसके चलते नप कर्मचारियों के साथ अतिक्रमण हटवाने के लिए ट्रैफिक थाना प्रभारी रामधन और मुख्य सफाई निरीक्षण मुकेश भी मौजूद थे। सीएसआई ने दो दिन पहले ही नप में कार्यभार संभाला है।
हंस मार्केट के कुछ दुकानदारों ने जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में याचिका लगाकर कहा था कि यहां पर कुछ दुकानदार फुटपाथ पर स्टालें लगवा रहे हैं। इस एवज में स्टॉल संचालकों से रुपये लिए जा रहे हैं। मीटिंग से एक दिन पहले और मंगलवार को नप ने अतिक्रमण हटा दिया। लेकिन दोबारा लगा दिया गया। ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह ने रिपोर्ट मांगी तो अधिकारी बोले की अतिक्रमण हटा दिया गया दुकानदार बोले की अतिक्रमण की स्थिति पहले जैसी ही है। इसके बाद मंत्री ने हटवाने के आदेश दिए थे। बुधवार को ट्रैफिक थाना प्रभारी रामधन, सीएसआई मुकेश कुमार, औंकार सिंह व अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। दुकानदारों ने कहा कि नप कर्मचारी बेवजह तंग कर रहे हैं, चहेते दुकानदारों की दुकानों के आगे से अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है। दुकानदारों ने नप कर्मचारियों से सामान छीनने का भी प्रयास किया। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारियों ने स्थिति को संभाला। इस दौरान सीएसआई मुकेश ने कहा कि अतिक्रमण अगर दोबारा हुआ तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।