सांडो को ले जाते हुए नगर परिषद कर्मी। स्त्रोत- नगर परिषद
टोहाना। नगर परिषद की ओर से शहर से बेसहारा पशुओं बंदरो, कुत्तों व सांडों को पकड़ने के लिए टेंडर प्रकिया शुरू कर दी है। इसके तहत बेसहारा पशुओं को पकड़ने को लेकर लगाए टेंडर को 5 नवंबर को खोला जाएगा जबकि अन्य दोनों टेंडर 11 नवंबर को खोले जाएंगे।
नगर परिषद की ओर से जारी टेंडर में शहर से करीब 150 बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए टेंडर लगाया गया है ताकि उन्हें शिव नंदीशाला में भेजा जा सके। वहीं 200 बंदरों को पकड़ने व 1500 कुत्तों को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाने व पकड़ने का काम किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों रमेश, विनोद व मुकेश ने कहा कि शहर में आवारा पशुओं, बंदरों और कुत्तों की समस्या लगातार बढ़ रही है ऐसे में इन टेंडरों के जरिए समाधान की उम्मीद है। कई बार रामनगर इलाके में कुत्तों द्वारा महिलाओं को काटे जाने के वीडियो भी सामने आ चुके है जबकि रात्रि के समय सांड रास्ता रोककर बैठ जाते है। वहीं बंदरों का आतंक मंदिर, पार्क व गलियों में देखने को मिलता है जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।