फतेहाबाद। सेक्टर-3 कॉमर्शियल मार्केट के पास पार्क में नगर परिषद की ओर से बनाया गया सार्वजनिक शौचालय निर्माण के छह माह बाद भी लोगों के उपयोग में नहीं आ पाया है। पानी और सीवरेज कनेक्शन नहीं होने से शौचालय बंद पड़ा है और भवन के अंदर गंदगी जमा हो गई है।
दुकानदारों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि शौचालय का निर्माण कार्य तो पूरा कर दिया गया लेकिन जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई गईं। पानी की व्यवस्था नहीं होने और सीवरेज लाइन से नहीं जुड़ने के कारण यह सुविधा लोगों के लिए बेकार साबित हो रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शौचालय के अंदर गंदगी और दुर्गंध फैलने से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधा के नाम पर तैयार किया गया भवन लंबे समय से बंद पड़ा है। उन्होंने मांग की कि नगर परिषद जल्द से जल्द पानी और सीवरेज कनेक्शन की व्यवस्था कर शौचालय को आमजन के लिए शुरू करें।
-
रिश्वत कांड के बाद चर्चाओं में आया
इसी सार्वजनिक शौचालय का निर्माण पहले भी चर्चाओं में रहा था। शौचालय निर्माण के भुगतान से जुड़े बिल पास कराने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने नगर परिषद के एक कंप्यूटर ऑपरेटर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई के बाद यह शौचालय लंबे समय तक सुर्खियों में रहा है। अब निर्माण पूरा होने के बावजूद आवश्यक कनेक्शन नहीं किए गए हैं।
-
नगर परिषद प्रशासन जल्द पानी और सीवरेज कनेक्शन उपलब्ध कराए तथा शौचालय की सफाई कर इसे आम जनता के लिए शुरू किया जाए।
- सुखदेव सिंह, स्थानीय निवासी
-
सार्वजनिक सुविधा के नाम पर तैयार भवन यदि उपयोग में ही नहीं आएगा तो इसका उद्देश्य अधूरा रह जाएगा। फिलहाल हालात ये है कि शौचालय के अंदर गंदगी फैली हुई है। शरारती तत्व नुकसान पहुंचा रहे हैं।
- डॉ. पिरथी सिंह, स्थानीय निवासी
-
नगर परिषद प्रशासन को इस शौचालय को शुरू करवाना चाहिए। लाखों रुपये की लागत से बना शौचालय का भवन खराब हो रहा है। प्रशासन को इस तरफ ध्यान देना चाहिए ताकि स्थानीय मार्केट के दुकानदारों और पार्कों में घूमने के लिए आने वाले लोगों को फायदा मिल सके।
- कर्मजीत सिंह, सेक्टर तीन निवासी
-
सेक्टर तीन में शौचालय में कनेक्शन क्यों नहीं हुए है और क्या दिक्कत आ रही है इस संबंध में पता लगाया जाएगा। शौचालय को जल्द शुरू करवाया जाएगा ताकि लोगों को फायदा मिल सके।
- सुमित चोपड़ा, एमई, नगर परिषद