फतेहाबाद। नगर परिषद कर्मचारी अब शहर में खाली जगहों पर उगे भांग के पौधों को नष्ट करेंगे। कर्मचारियों को पहले शहर में उगे भांग के पौधों की तलाश करनी होगी और इसके बाद इन्हें नष्ट करना होगा। पुलिस विभाग मुख्यालय की तरफ से नगर परिषद कार्यालय को ये निर्देश जारी हुए हैं। हालांकि इन निर्देशों के बाद नगर परिषद कर्मचारी भी असमंजस में हैं। कर्मचारियों का कहना है कि भांग के पौधों को तलाश करके उन्हें नष्ट करने का काम उनका नहीं है।
हालांकि जाखल, टोहाना क्षेत्र में पुलिस विभाग के कर्मचारियों ने पिछले दिनों खुद भांग के पौधों को ढूंढकर नष्ट किया था। बताया जा रहा है कि भांग के पौधों का इस्तेमाल नशा करने में किया जा रहा है। हेरोइन, चूरापोस्त, अफीम या फिर मेडिकल नशा न मिलने पर युवा भांग के नशे का इस्तेमाल कर रहे हैं।
-
शहर के बाहरी क्षेत्र में कर्मचारियों ने शुरू किया सर्च
नगर परिषद कर्मचारियों ने भांग के पौधों को लेकर शहर के बाहरी क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू किया है। मिनी बाइपास, सिरसा-हिसार रोड, भूना रोड, रतिया रोड, बीघड़ रोड आदि जगहों पर टीम भांग के पौधों को तलाश करने में जुटी है।
-
मेडिकल नशे की तरफ बढ़ रहे युवा
नागरिक अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र में पहले जहां हेरोइन नशा के सबसे ज्यादा केस आ रहे थे। वहीं अब मेडिकल नशे के केस बढ़ रहे हैं। नशे के लिए युवा प्रतिबंधित गोलियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। बिना डॉक्टर पर्ची के कई मेडिकलों पर ये गोलियां आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।
-