जाखल। गांव साधनवास की महिला जसवीर कौर को अमेरिका से डिपोर्ट कर दिया गया है। 21 वर्षीय बेटा सिमरत अभी अमेरिका में कैंप में है। ऐसे में परिवार को उसके सकुशल होने चिंता सता रही है। पिछले साल मई में ही मां-बेटा करीब 70 लाख खर्च कर कनाडा गए थे और वहां से किसी तरह से अमेरिका पहुंचे थे।
मां व बेटा एक महीने तक कनाडा में रहे। एक महीने बाद वहां के एजेंट की मदद से वे अमेरिका पहुंच गए। पति अवतार सिंह के अनुसार जसवीर पंजाब के मकोड साहिब जिला संगरूर की रहने बाली है। उसके पति के पास 2 एकड़ जमीन थी। उस समय विदेश जाने के लिए इसमें से पति ने डेढ़ एकड़ जमीन के साथ आभूषण व पशुओं को बेचकर पत्नी व बेटे को विदेश भेजा था।
पति के अनुसार दोनों को विदेश भेजने में उस समय उनका 70 लाख रुपये के करीब खर्च आया था। अवतार सिंह के पास अब आधा किला जमीन ही बची है। इससे ही वह अब अपने परिवार का पालन पोषण करेगा। दूसरी तरफ बेटे का अभी तक वापिस न आने के कारण वह गहरी चिंता में है।
-
रेस्टोरेंट में किया काम
अमेरिका पहुंचने के बाद मां-बेटे ने वहां एक रेस्टोरेंट में काम करने लग गए। एक वर्ष पूरा होने पर उन्होंने अमेरिका की नागरिकता के लिए आवेदन भी किया था। ट्रंप के सत्ता संभालने और एक फैसले के बाद करीब तीन महीने पहले अमेरिकी प्रशासन ने इन्हें पकड़ लिया और कैंप में भेज दिया। तबके बाद से वह कैंप में रहे। अमेरिका ने प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 अक्तूबर को जसवीर कौर को अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत भेज दिया। 54 डिपोर्ट नागरिकों में शामिल जसबीर कौर भी इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, टर्मिनल-3 (दिल्ली) पर पहुंचीं।
-
जिले की तीन युवक और हो चुके डिपोर्ट
अवैध तरीके से अमेरिका में जाने का यह मामला पहला नहीं है। तीन युवक पहले भी वहां से डिपोर्ट हो चुके हैं। फरवरी माह में तीन युवक अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत भेजे गए थे। इसमें भूना, दिगोह और चूहड़पुर का युवक था।