फतेहाबाद में मृतक छात्र के परिजन विलाप करते हुए स्त्रोत सोशल मीडिया
फतेहाबाद। लाजपत नगर में 14 वर्षीय गौरव उर्फ गैरी की फंदा लगाकर मौत के मामले में नया मोड़ आया है। पहले इत्तफाकिया कार्रवाई करवाने वाले परिवार ने अब स्कूल शिक्षकों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। मृतक की मां पूजा ने शुक्रवार को शहर पुलिस को शिकायत देकर आरोपी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार शाम को गौरव का शव घर में फंदे से लटका मिला था। वह निजी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। मां पूजा ने आरोप लगाया कि स्कूल में बेटे को प्रताड़ित किया जा रहा था। उसके अनुसार गैरी के दो-तीन बार फोन आए थे। उस समय वह कार्यालय में थी। बेटे ने फोन पर बताया था कि शिक्षक ने उसे बहुत मारा है।
पूजा ने आरोप लगाया कि स्कूल में अधिक बोलने की बात कहकर गैरी को प्रताड़ित किया जाता था और कक्षा में अलग बैठाया जाता था। इससे वह अपमानित महसूस कर रहा था। घर पहुंचने पर उसने बेटे को फंदे पर लटका पाया। पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने बताया कि हुडा चौकी पुलिस को शिकायत मिली है। मामले की जांच की जाएगी।