फतेहाबाद। पिछले 20 दिनों में हुई 210 एमएम बारिश ने शहर में खूब आफत मचाई है। इन 20 दिनों में ही शहर की 50 से ज्यादा सड़कें टूट गई हैं। इन सड़कों पर बने मेनहोल धंस गए हैं। इंटरलॉकिंग टाइलें बिखरने लगी हैं। कई सड़कें तो ऐसी हैं, जिनका कुछ समय पहले ही निर्माण करवाया गया था।
ऐसे में निर्धारित समय अवधि पूरी नहीं होने के कारण न इन सड़कों का पुनर्निर्माण हो पाएगा और न ही मरम्मत करवाए जाने की कोई आस है। नवनिर्वाचित पार्षद अपने-अपने वार्डों में टूटी सड़कों का डाटा एकत्रित करने में जुट गए हैं, ताकि मरम्मत के लिए प्रधान व अधिकारियों के समक्ष गुहार लगा सकें। सबसे अधिक नुकसान शहर में मॉडल टाउन, बीघड़ रोड, जगजीवनपुरा, योग नगर, सुंदर नगर, सतीश कॉलोनी, शक्ति नगर व धक्का बस्ती में हुआ है। इसके अलावा शहर के बाहरी क्षेत्र में बसी कॉलोनियों में भी गलियां धंस गई है। गलियां टूटने व धंसने के कारण आवागमन बाधित हो गया है। खासकर, रात के समय में अंधेरा होने के कारण हादसे भी हो रहे हैं।
केस नंबर एक
जगजीवनपुरा मोहल्ला में बनी एक पूरी गली धंस गई है। इस गली के बीच में मेनहोल बना हुआ है। इन मेनहोल से कुछ समय पहले ही सीवर लाइन लोगों ने जुड़वाई थी। अब मेनहोल से लेकर पाइप डालने तक का सारा रास्ता धंस गया है। इस गली से चौपहिया वाहन निकालना भी मुश्किल हो गया है।
केस नंबर दो
चौधरी कॉलोनी की योग नगर से जोड़ने वाली गली में सीवर के मेनहोल के साथ से सड़क धंस गई है। उसके ऊपर लगे इंटरलॉकिंग टूटकर बिखरने लगे हैं। मामूली सी बारिश आने पर ही गली में भारी जलभराव हो जाता है।
केस नंबर तीन
धक्का बस्ती में कुछ समय पहले ही बनी गली के किनारे बिखर गए हैं। किनारों को सपोर्ट करने के लिए बनाई गई छोटी सी दीवार भी ढह गई है। इस छोटी सपोर्टिंग दीवार और इंटरलॉकिंग के बीच काफी दूरी हो गई है। इस कारण धीरे-धीरे गली की इंटरलॉकिंग पूरी तरह उखड़ने का भय बना हुआ है।
जिले में 20 दिनों में हुई बारिश
16 जुलाई : 3 एमएम
20 जुलाई : 2 एमएम
21 जुलाई : 110 एमएम
23 जुलाई : 2 एमएम
30 जुलाई : 34 एमएम
31 जुलाई : 38 एमएम
4 अगस्त : 21 एमएम
कोट
बारिश के कारण वार्ड में कई गलियां धंस गई हैं। कई जगह इंटरलॉकिंग भी उखड़ गई है। अधिकारियों को मरम्मत करवाने के लिए लिखेंगे ताकि जनता को परेशानी न हो।
-मोहनलाल नारंग, पार्षद, वार्ड नंबर 12
कोट
बारिश की वजह से सड़कों का काफी नुकसान हुआ है। इंटरलॉकिंग उखड़कर गड्ढे बन गए हैं। इस संबंध में अधिकारियों व प्रधान को अवगत करवाकर मरम्मत करवाएंगे।
-संजय रुखाया, पार्षद, वार्ड नंबर 17
कोट
शहर में बनाई गई अधिकांश इंटरलॉकिंग सड़कें बारिश के बाद कहीं उखड़ गई हैं, तो कहीं धंस गई है। किनारों से बिखरी सड़कें दर्शाती हैं कि किस लापरवाही से सड़कें बनाई जाती हैं।
-हरदीप सिंह, अध्यक्ष, जिंदगी संस्था
कोट
बारिश के कारण टूटी या धंसी सड़कों की रिपोर्ट ली जा रही है। इसके बघाद उच्चाधिकारियों से अनुमति लेकर मरम्मत को लेकर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
-अमित कौशिक, एक्सईएन, नगर परिषद
चौधरी कॉलोनी में धंसा सीवर मेनहोल के पास का हिस्सा।- फोटो : Fatehabad