फतेहाबाद में मोबाइल पर भेजे जा रहे शादी निमंत्रण के मैसेज स्त्रोत सोशल मीडिया
फतेहाबाद। साइबर क्राइम के लिए हैकर्स अब शादी का निमंत्रण कार्ड के साथ एपीके फाइल भेजकर मोबाइल फोन हैक कर रहे है। जिले में कई अधिकारियों और यहां तक सरपंचों के मोबाइल फोन मंगलवार को एपीके फाइल भेजकर हैक किए गए हैं। हालांकि इस बारे में साइबर क्राइम थाने में शिकायत नहीं आई है।
दिनभर इस बारे में सोशल मीडिया पर चर्चाएं चलती रहीं। हालांकि कोई शिकायतकर्ता आगे नहीं आया है। मोबाइल फोन संचालक गगन अरोड़ा ने बताया कि इस बारे में कई लोग यह समस्या लेकर उनके पास पहुंचे हैं। गगन ने भी लोगों से अपील की है कि अज्ञात फाइल को डाउनलोड करने से बचें। साइबर क्राइम थाना प्रभारी राहुल का कहना है कि एपीके फाइल किसी भी सूरत में डाउनलोड न करें। इसको लेकर लगातार जागरूक भी किया जा रहा है।
हुआ यूं कि मंगलवार सुबह अधिकारियों के मोबाइल फोन नंबर से कई लोगों के पास शादी निमंत्रण संबंधित एपीके फाइल भेजी गई। फाइल को जब इंस्टॉल किया गया तो मोबाइल फोन हैक होने शुरू हो गए। कई लोगों ने तुरंत मोबाइल को बंद कर दिया तो किसी ने एप को डिलिट किया। बताया जा रहा है कि हैकर्स अलग-अलग तरीके से मोबाइल फोन को हैक करने के लिए एपीके फाइल भेज रहे हैं। संबंधित अधिकारियों का कहना है कि रात को उनके मोबाइल फोन नंबर से ये मैसेज आगे गए है यानि उनका फोन भी हैक हुआ है।