फतेहाबाद। कोरोना संक्रमण के प्रदेश के अन्य जिलों में केस बढऩे पर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर रखा है। अब स्वास्थ्य विभाग तीन दिन कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए तैयारियों को लेकर मॉक ड्रिल करने जा रहे हैं। जिले के नागरिक अस्पताल, पीएचसी और सीएचसी में तैयारियों को लेकर शनिवार, रविवार और सोमवार को मॉक ड्रिल होगी।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग अधिकारी अस्पतालों में कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए दवाइयां, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन प्लांट, आइसोलेशन वार्ड, स्टाफ, डॉक्टर आदि को लेकर व्यवस्था जांचेगे। सोमवार तक अस्पतालों से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट बनाकर विभाग मुख्यालय को भेजेगा। जिले में कोरोना संक्रमण को लेकर पैनल में लिए गए निजी अस्पतालों में भी ये व्यवस्थाएं जांची जाएंगी। हालांकि जिले में फिलहाल कोई एक्टिव केस नहीं है।
आरटीपीसीआर के 44 सैंपल लिए, 141 की रिपोर्ट का इंतजार
जिले में शुक्रवार को आरटीपीसीआर के 44 सैंपल लिए गए है। इसके अलावा रेपिड एंटीजन के 12 सैंपल लिए गए। रैपिट एंटीजन की रिपोर्ट निगेटिव है। आरटीपीसीआर सैंपलों को जांच के लिए अग्रोहा मेडिकल की लैब में भेजा गया है। यहां से अभी 141 सैंपलों की रिपोर्ट आनी है।
कोरोना वैक्सीन नहीं, डिमांड भी नहीं भेजी
जिले में कोरोना वैक्सीन का स्टॉक नहीं है। इसके अलावा न ही स्वास्थ्य विभाग की तरफ से डिमांड भी नहीं भेजी गई है। अधिकारियों का कहना है कि टीकाकरण के लिए पात्रों के न आने के कारण डिमांड नहीं गई है। जिले में कोविशील्ड, कोवैक्सीन और न ही कोर्बेवैक्स वैक्सीन का स्टॉक है।
जिले में कोरोना संक्रमण की स्थिति
अब तक लिए गए कोरोना सैंपल : 428793
कोरोना संक्रमित मिले : 20258
संक्रमित स्वस्थ हो चुके : 19755 संक्रमितों की हुई मौत : 503
कोट
कोरोना संक्रमण को लेकर अस्पतालों में मॉक ड्रिल होगी। इस मॉक ड्रिल में अस्पतालों में व्यवस्था जांची जानी है। अगर संक्रमण फैलता है तो विभाग कितना तैयार है। हालांकि जिले में कोई एक्टिव केस नहीं है और विभाग पूरी तरह से तैयार है।
-मेजर डॉ. शरद तुली, उप सिविल सर्जन