टोहाना। शहर की फ्रेंड्स कॉलोनी के रहने वाले संजय मेहता ने शहर पुलिस को शिकायत देकर अजय ट्रांसपोर्ट कंपनी के ड्राइवर कंडक्टर पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी संजय मेहता ने बताया कि उसकी मेहता एग्रो इंडस्ट्रीज के नाम से डांगरा रोड पर राइस मिल है, 9 जनवरी को उसने 30 टन चावल दिल्ली के बखौली में भेजना था जिसके लिए उसने अजय ट्रांसपोर्ट टोहाना से संपर्क किया। उसने बताया कि अजय ट्रांसपोर्ट ने 9 जनवरी को ही चावल को दिल्ली के लिए भेज दिया था लेकिन जब उसने 11 जनवरी को बाकोली दिल्ली की पार्टी से चावल बारे पता किया तो गाड़ी वहां नहीं पहुंची। उसने इस बारे में अजय ट्रांसपोर्ट से बातचीत की तो उसे पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी की गई है। वहीं अजय ट्रांसपोर्ट से बातचीत में पता चला कि ट्रक ड्राइवर हरिओम और कंडक्टर दोनों के फोन नंबर बंद आ रहे हैं जिन्होंने उसके साथ धोखाधड़ी की है। उनसे पुलिस से मांग करते हुए कहा कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। शहर थाना प्रभारी शादी राम ने बताया कि संजय मेहता की शिकायत पर ट्रक चालक व कंडक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद