फतेहाबाद के गांव ढिंगसरा मं अभिभावकों को साइबर क्राइम के बारे में जानकारी देतीं अधिकारी।
फतेहाबाद। डिजिटल युग में मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग बच्चों के मानसिक, शारीरिक और शैक्षणिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। इसको लेकर शांति निकेतन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल ढिंगसरा में अभिभावकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़े गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में साइबर क्राइम विभाग से पुलिस ऑफिसर सुनीता देवी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय के प्रधानाचार्य रणसिंह रेपस्वाल व डायरेक्टर विजय सिंह बाघेला ने कहा कि आज के बदलते डिजिटल युग में बच्चों की दिनचर्या और व्यवहार में तेजी से परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने अभिभावकों को सचेत करते हुए बताया कि अनियंत्रित मोबाइल प्रयोग से बच्चों में एकाग्रता की कमी, अनुशासनहीनता और सामाजिक दूरी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कई बार बच्चे अनजाने में गलत संगति और अनुचित सामग्री की ओर आकर्षित हो जाते हैं, जिससे उनके भविष्य पर विपरीत असर पड़ सकता है। उन्होंने अभिभावकों को समझाया कि बच्चों के व्यवहार में आने वाले छोटे-छोटे बदलावों को नजरअंदाज न करें।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि सुनीता देवी ने साइबर क्राइम व नशा जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाज के लिए घातक बताते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें और उन्हें सही मार्गदर्शन प्रदान करें। उन्होंने कहा कि समाज में फैल रही साइबर क्राइम व नशा की प्रवृत्ति युवाओं के लिए खतरे की घंटी है और इससे बचाव के लिए परिवार की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। विद्यालय के डायरेक्टर विजय सिंह बाघेला ने अभिभावकों के अपने बच्चों के साथ प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण समय बिताने व उनसे खुलकर संवाद करने तथा उनका मित्र बनकर उनकी समस्याओं को समझने का आह्वान किया।