वाहन चलाते समय लापरवाही बरतते वाहन चालक।
फतेहाबाद। शहर की सड़कों पर इन दिनों स्कूल में पढ़ने वाले छात्र यातायात नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। विडंबना यह है कि ये नाबालिग बच्चे वहां पर वाहनों का इस्तेमाल कर रहे है, जहां उन्हें ज्ञान मिलता है। शहर के मुख्य चौराहों से लेकर गलियों तक, नाबालिग बच्चे बिना किसी खौफ के दोपहिया वाहन दौड़ाते नजर आते हैं, जबकि यातायात पुलिस मूकदर्शक बनकर इन सब चीजों को सिर्फ देख रहा है।
शहर के प्रमुख निजी स्कूलों के बाहर सुबह और दोपहर के समय नजारा बेहद चिंताजनक होता है। 14 से 17 साल के किशोर मोटरसाइकिल और स्कूटी लेकर स्कूल पहुंचते हैं।
कई बार तो एक ही बाइक पर तीन-तीन छात्र सवार होते हैं। बिना हेलमेट और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के ये बच्चे न केवल अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा कर रहे हैं।
अभिभावकों की भी बड़ी लापरवाही : इस यातायात नियमों की अवहेलना में सबसे ज्यादा लापरवाही अभिभावकों की भी है। बच्चों की जिद के आगे झुककर या अपनी सुविधा के लिए माता-पिता उन्हें छोटी उम्र में ही चाबी थमा देते हैं। चाबी थामने के बाद किशोरावस्था में बच्चे सड़कों पर स्टंट करने और रफ्तार दिखाने की कोशिश करते हैं, जो अक्सर घातक सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनता है।