फतेहाबाद। भूना क्षेत्र के गांव निवासी नाबालिग वन स्टॉप सेंटर से चकमा देकर गायब हो गई है। यह पता चलते ही जिला प्रशासन में खलबली मची हुई है। इस मामले में शहर थाना पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
इस मामले में भूना में पहले ही विवाद चल रहा है। नाबालिग को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया था और काउंसिलिंग के बाद वन स्टॉप सेंटर में थी। पुलिस के मुताबिक मंगलवार नाबालिग वन स्टॉप सेंटर में बेंच पर बैठी थी और इस दौरान अचानक गायब हो गई। युवक के भूना थाने से लापता होने के पहले ही आरोप लग चुके है।
उल्लेखनीय कि 22 अक्तूबर को प्रेम विवाह करने वाले युवक के थाने से गायब होने के आरोप लगे थे और परिजनों ने हंगामा किया था। भूना के एक गांव निवासी युवक और भूना के एक अन्य गांव निवासी लड़की के विवाह का मामला सामने आया था। युवक के परिजनों के अनुसार दोनों 4 अक्तूबर को घर से चले गए थे और 19 अक्तूबर को सिरसा के एक मंदिर में शादी कर ली।
उधर, लड़की के परिजनों ने उसकी उम्र 14 वर्ष बताते हुए युवक के खिलाफ पोक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन चारू का कहना है कि लड़की मंगलवार को गायब हुई है और मामले में तुरंत पुलिस को शिकायत दी गई है।
परिजनों को पहले ही अवगत करवाया गया था कि वह अपनी बेटी को ले जाएं। फिलहाल पुलिस छानबीन में जुटी है। पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच जारी है।