फतेहाबाद में भट्टू रोड पर उखाड़ी गई सड़क संवाद
- फोटो : कोटला चुंगी चौराहा से रामलीला मैदान की ओर जाने वाले रास्ते पर लगाई गई बैरिकेट और तैनात पुलिस। संवाद
फतेहाबाद। शहर के मिनी बाईपास चौक पर निजी कॉलोनियों की सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का काम वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। इसके चलते चौक पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और वाहनों को वन-वे व्यवस्था से निकलना पड़ रहा है।
सोमवार दोपहर भट्टू रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ने से करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हैरानी की बात ये है कि हरियाणा-पंजाब सीमा तक करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से एक साल पहले ही फोरलेन बना सीसी रोड भी सीवरेज लाइन बिछाने के लिए उखाड़ दिया गया है।
सड़क निर्माण के कुछ ही समय बाद दोबारा खोदाई किए जाने से सरकारी धन के इस्तेमाल और विभागों के बीच तालमेल पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस सड़क को बेहतर यातायात सुविधा के लिए फोरलेन बनाया गया, उसी को अब सीवरेज पाइप लाइन डालने के लिए खोदा जा रहा है। वहीं, जनस्वास्थ्य विभाग को इस काम की जानकारी तक नहीं होने की बात सामने आई है।
-
एनओसी लेकर किया जा रहा है काम
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता राहुल चहल का कहना है कि सीवरेज लाइन बिछाने का काम विभाग से एनओसी लेकर किया जा रहा है। इसके लिए सिक्योरिटी राशि भी जमा कराई गई है। विभाग के अनुसार, अनुमति लेकर ही सड़क पर काम किया जा रहा है। उपायुक्त कार्यालय के संज्ञान में भी मामला है।