फतेहाबाद के लघु सचिवालय में प्रदर्शन करते पटवारी। संवाद
फतेहाबाद। सरकार की ओर से प्रदेश में 6 पटवारियों को निलंबित किए जाने की कार्रवाई के विरोध में फतेहाबाद के पटवारी सोमवार को सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी पटवारी लघु सचिवालय में नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त डाॅ. विवेक भारती को ज्ञापन सौंपा।
दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन की ओर से इस प्रदर्शन का आयोजन किया गया। एसोसिएशन के जिला प्रधान सुरेश कुमार ने कहा कि ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर फसल खराब वेरिफिकेशन में पूरे राज्य में छह पटवारी निलंबित किए गए हैं। क्योंकि उन्होंने एक ही फोटो कई बार अपलोड की। हकीकत यह है कि यह प्रक्रिया सभी पटवारी व अन्य उच्चाधिकारियों द्वारा की गई है।
प्रत्येक खसरा नंबर की फोटो के साथ खराबा अपडेट करना संभव नहीं हैं। एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारियों का कहना है कि हरियाणा राज्य में फील्ड में पटवारी और कानूनगो की अत्यंत कमी है और कई जिलों में एक पटवारी के पास 8-10 सर्किल का अतिरिक्त कार्यभार है। नवनियुक्त पटवारियों के लिए की गई घोषणा के बावजूद एक वर्ष बीत जाने पर भी उन्हें न तो पूरी सैलरी दी जा रही है और न ही उनकी ज्वाइनिंग को लेकर कोई रोडमैप है।
फर्जी रजिस्ट्रेशन करने वालों पर कार्रवाई की मांग
एसोसिएशन के जिला प्रधान सुरेश कुमार ने कहा कि मेरी फसल मेरा ब्योरा और ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर हर साल हजारों फर्जी रजिस्ट्रेशन किए जाते हैं, जिनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, जिसकी वजह से यह आंकड़ा हर साल बढ़ता जा रहा है। फर्जी रजिस्ट्रेशन करने वालों के खिलाफ सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए।