रतिया सदर थाने में थाना प्रभारी से मुलाकात करता सिख समुदाय का शिष्टमंडल।
रतिया। उपमंडल के गांव स्कूल ढाणी लांबा में श्रीगुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने के मामले में सोमवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी विजय को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने नशे के चलते चोरी करने के मकसद से ही गुरुद्वारे में जाने की बात स्वीकार की है। मगर पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच करना चाहता है, इसलिए पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया है। वहीं, इस मामले को लेकर महापंचायत में बनाई गई 15 सदस्यों की कमेटी व सत्कार सभा के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह मंगलवार को सदर थाना प्रभारी ओमप्रकाश से मिले और बेअदबी करने वाले के खिलाफ कड़ी से कड़ी धाराएं लगाने की मांग की।
थाना सदर रतिया में सत्कार सभा सिरसा के प्रधान सरदार सुखविंदर सिंह तथा गांव ढाणी स्कूल लांबा की गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार पलविंदर सिंह ने एसएचओ से कहा कि गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी करने वाले को सख्त सजा दिलवाई जाए। इस मामले में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के अलावा किसी और का हाथ तो नहीं है, इसकी भी जांच करवाने की मांग की।
थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश ने सत्कार सभा के सदस्यों को आश्वासन दिया कि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस मामले में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रखी जाएगी। डीएसपी संजय बिश्नोई ने बताया कि बेअदबी के आरोपी काे एक दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है। इस रिमांड के दौरान उससे गहनता से पूछताछ की जाएगी।