फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में लोक निर्माण विभाग की सुस्ती का खामियाजा सीधे मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र का कक्ष सात माह बीतने के बावजूद तैयार नहीं हो सका है। नतीजतन केंद्र बंद पड़ा है और सस्ती दवाइयों की सुविधा ठप है।
हालात इतने खराब हैं कि स्टोर में रखी कई दवाइयां एक्सपायर हो चुकी हैं, जबकि कई की मियाद खत्म होने वाली है। पिछले वर्ष जुलाई में अस्पताल के सुंदरीकरण का कार्य शुरू हुआ था। उसी दौरान जनऔषधि केंद्र बंद कर दिया गया। केंद्र के लिए खरीदी गई दवाइयों को बैग में पैक कर स्टोर में रख दिया गया, लेकिन काम पूरा न होने से जनवरी बीतने के बाद भी केंद्र नहीं खुल सका।
स्टोर में रखी पांच से छह प्रकार की दवाइयां 31 जनवरी 2026 को एक्सपायर हो गईं। इनमें पैरासिटामॉल सिरप, चर्म रोग संबंधी क्रीम और एंटीबायोटिक शामिल हैं। जनऔषधि केंद्र पिछले साल फरवरी में शुरू हुआ था और महज कुछ माह बाद ही जुलाई में बंद हो गया। केंद्र बंद रहने से मरीजों को अस्पताल में उपलब्ध न होने वाली दवाइयां बाहर मेडिकल दुकानों से महंगे दामों पर खरीदनी पड़ रही हैं।
-
डिस्पेंसरी में नहीं दवाइयां, बाहर से खरीदने को मजबूर
नागरिक अस्पताल की डिस्पेंसरी में कफ सिरप, ब्लड प्रेशर व दर्द निवारक दवाइयों का टोटा चल रहा है। हालात ये रहे हैं कि अस्पताल में कफ सिरप करीब तीन माह तक खत्म रही है। चर्म रोग संबंधित 80 फीसदी दवाइयों की कमी है। ऐसे में केंद्र बंद होने से मरीजों को बाहर मेडिकल से दवाइयां लेनी पड़ रही हैं।
-
सात दिन के लिए बंद हुई ओटी, अभी शुरू नहीं
नागरिक अस्पताल प्रशासन 23 जनवरी को ऑपरेशन थियेटर (ओटी) में मरम्मत कार्य के चलते बंद किया था। सात दिन बीतने के बाद भी ओटी अभी शुरू नहीं हुई है। ऑपरेशन के लिए मरीजों को अग्रोहा रेफर किया जा रहा है। अस्पताल में चार से पांच सिजेरियन डिलीवरी व 10 अन्य ऑपरेशन होते हैं। अधिकारियों की माने तो ओटी को अभी शुरू होने में चार से पांच दिन का समय लग सकता है। नॉर्मल डिलीवरी अस्पताल में हो रही है लेकिन सिजेरियन बंद होने से मरीज परेशान हैं।
-
अभी ऑपरेशन थियेटर में काम चल रहा है और उसमें चार से पांच दिन का समय लगेगा। जनऔषधि केंद्र में अभी बिजली संबंधित काम होने हैं। संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात हुई है और उन्हें जल्द से जल्द पूरा करने के लिए कहा गया है।
- डॉ. बुधराम, सिविल सर्जन, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद।