राजकीय महिला महाविद्यालय भोडियाखेड़ा में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करते एसडीएम राजेश कुम
फतेहाबाद। फतेहाबाद के सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम राजेश कुमार और सीटीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन परमेश सिंह ने चौधरी मनीराम गोदारा राजकीय महिला महाविद्यालय भोडिया खेड़ा में फतेहाबाद, रतिया, टोहाना विधानसभा सेगमेंट के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज में बनाए जाने वाले मीडिया सेंटर का भी निरीक्षण किया। मीडिया सेंटर में मीडिया कर्मियों को राउंड वाइज गणना की अपडेट देने की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
सीटीएम कैप्टन परमेश सिंह ने बताया कि स्ट्रांग रूम थ्री लेयर सुरक्षा में है। 24 घंटे पैरा मिलिट्री व हरियाणा पुलिस के जवान स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के नोडल अधिकारी भी लगाए हुए हैं, जो शिफ्ट अनुसार निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सभी स्ट्रांग रूम के बाहर एलईडी लगाई गई है, जहां से अनुमति प्राप्त राजनीतिक दलों व प्रत्याशियों के प्रतिनिधि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जानकारी ले सकते हैं। मतगणना के दौरान टेबल लगाने, एजेंट के बैठने, स्ट्रांग रूम से मशीनों को लाने आदि सभी जरूरी प्रबंधों की तैयारियां की जा रही हैं।
मतगणना चार जून को सुबह 8 बजे शुरू हो जाएगी। मतगणना केंद्र में एक अलग से कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जिसमें तीनों विधानसभाओं के मतगणना कार्यों का निरंतर अवलोकन होगा। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से स्ट्रांग रूम में आने वाले आगंतुकों के रजिस्टर को चेक किया और निर्देश दिए कि इसमें समय अनुसार एंट्री होनी चाहिए। इस दौरान चुनाव नायब तहसीलदार राजकुमार सहित चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।