फतेहाबाद। पिछले 15 दिनों से दिन-रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत भी दोगुनी हो गई है। आने वाले दिनों में यह खपत और भी बढ़ने की संभावना है। फिलहाल प्रतिदिन 3 लाख से 3 लाख 40 हजार यूनिट तक बिजली खपत हो रही है। शुक्रवार शाम 5:30 बजे बाद क्षेत्र में धुलभरी आंधी आई, जो सिर्फ चार से पांच मिनट ही रही। इसके कारण चिलचिलाती गर्मी से कुछ देर के लिए राहत मिली। हालांकि, दोपहिया वाहन चालकों को आंधी के दौरान परेशानी झेलनी पड़ी।
गर्मी के कारण कूलर, एसी चलने से अब बिजली फाल्ट भी बढ़ने लग गए हैं। रोजाना बिजली निगम के पास 50 से 70 शिकायतें पहुंच रही हैं। आए दिन तार जलने, फ्यूज उड़ने, कंडक्टर खराब होने सहित अन्य शिकायतें बिजली निगम के पास पहुंच रही हैं। आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंचे की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में बिजली की खपत बढ़ जाएगी। बिजली की मांग बढ़ने के साथ कट भी लगने शुरू हो गए हैं। दिन में कई बार बिजली के अघोषित कट लगाए जा रहे हैं। इसमें 15 मिनट से 30 मिनट तक बिजली काटी जा रही है। एचएयू हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा शनिवार तक मौसम खुश्क व गर्म रहने तथा दिन के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। इस दौरान बीच-बीच में गर्म हवाएं चलने तथा हलके बादल भी संभावित रहेंगे।
गर्मी और लू से बचाव के लिए एहतियात बरतने की प्रशासन ने जारी की एडवायजरी
जिला आपदा एवं प्रबंधन प्राधिकरण के चेयरमैन एवं उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि गर्मी के मौसम में हवा के गर्म थपेड़ों और बढ़े हुए तापमान से लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। खासकर धूप में घूमने वालों, खिलाडिय़ों, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को लू लगने का डर ज्यादा रहता है। लू लगने पर उसके इलाज से बेहतर है, हम लू से बचे रहें यानी बचाव इलाज से बेहतर है। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जनहित में लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है, जिसकी सभी को पालन करते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा बनाए रखनी है।
फतेहाबाद शहर में बिजली की खपत यूनिट में
1 मई को 2 लाख 18 हजार
2 मई को 2 लाख 14 हजार
3 मई को 2 लाख 12 हजार
4 मई को 2 लाख 45 हजार
5 मई को 2 लाख 36 हजार
6 मई को 2 लाख 56 हजार
7 मई को 2 लाख 72 हजार
8 मई को 3 लाख 08 हजार
9 मई को 3 लाख 13 हजार
10 मई को 3 लाख 21 हजार
11 मई को 1 लाख 62 हजार
12 मई को 3 लाख 12 हजार
13 मई को 2 लाख 62 हजार
14 मई को 2 लाख 97 हजार
15 मई को 3 लाख 12 हजार
16 मई को 3 लाख 40 हजार
17 मई को 3 लाख 75 हजार
कोट
गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत बढ़ गई है। आने वाले दिनों में खपत और बढ़ने की संभावना है। बिजली निगम की तरफ से व्यवस्थाएं पूरी रखी जा रही है। कई जगह नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं तो कुछ की क्षमता बढ़ाई गई है। आने वाली शिकायतोंं के निपटान के लिए हरदम कर्मचारी तैयार रहते हैं।
-मनिक, एसडीओ, बिजली निगम फतेहाबाद