नहर कॉलोनी में शरारती तत्व द्वारा तोड़े गए कार के शीशे दिखाता युवक
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। शहर के नहर कॉलोनी में नकाबपोश मोटरसाइकिल सवार शरारती तत्वों ने हाथ में डंडे लेकर जमकर उत्पात मचाया। युवकों ने गली में खड़ी तीन गाड़ियों के शीशे तोड़कर किलकारियां मारते हुए फरार हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची शहर थाना की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। लेकिन मोटरसाइकिल सवार शरारती तत्वों की पहचान नहीं हो पाई। कॉलोनी के लोगों ने मामले की शिकायत शहर थाना में दी है।
शरारती युवकों ने नहर कॉलोनी निवासी रोडवेज इंस्पेक्टर की अल्टो कार, बिन्नी टुटेजा की कार तथा कमलेश की वेग्नार कार के शीशे तोड़े हैं। नहर कॉलोनी निवासी अमित बंसल ने बताया कि शनिवार रात को करीब 10 बजे घर के अंदर थे, इस दौरान किलकारियों और पटाखों जैसी आवाजें आई। पहले तो सोचा कि बुलेट मोटरसाइकिल की आवाज होगी। जब लगातार आवाजें आई तो घर से बाहर निकले। इस दौरान गली में खड़ी तीन गाड़ियों के शीशे टूटे मिले और मोटरसाइकिल सवार करीब चार युवक मुख्य गली की तरफ जाते हुए दिखे। ये युवक शिवनगर की तरफ से आए थे और डंडो से गाड़ियों के शीशे तोड़ते हुए फरार हो गए। आसपास सीसीटीवी न होने के कारण कोई फुटेज भी नहीं मिली। गली के लोगों के मुताबिक घटना के दौरान गली में कोई भी मौजूद नहीं था और इसी का शरारती तत्वों ने फायदा उठाया।
वर्जन
शहर के नहर कॉलोनी में गाड़ियों के शीशे तोड़ने को लेकर सूचना पर पीसीआर मौके पर गई थी। जांच की जा रही है और संदिग्ध युवकों से पूछताछ की जा रही है। पीसीआर पर तैनात कर्मचारियों को गश्त बढ़ाने के आदेश दिए हैं।
- यादविंद्र सिंह, शहर थाना प्रभारी