टोहाना में लूट की वारदात को अंजाम देते हुए बदमाश
टोहाना। शहर के रेलवे रोड स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर आए बाइक सवार तीन युवकों ने पिस्तौल के बल पर हजारों रुपए की नकदी लूट ली। लूट की यह वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है। घटना की सूचना पाकर पहुंची शहर पुलिस व चंडीगढ़ रोड चौकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रात्रि करीब 7 बजकर 55 मिनट पर दुकान मालिक सौरभ मित्तल अपनी औषधि केंद्र पर बैठे थे तभी एक बाइक से उतरकर दो नकाबपोश दुकान में आए। इस दौरान तीसरा आरोपी बाहर बाइक पर ही रहा। दुकान में आए आरोपी ने सौरभ से दवाई मांगी। जैसे ही सौरभ दवाई लेकर देने के लिए आए एक आरोपी अपने शॉल से पिस्तौल निकालकर सौरभ पर तान लिया। इसी बीच दूसरा आरोपी सौरभ को धक्का मार गल्ले में रखी नकदी निकाल कर ले लिया। फुटेज के मुताबिक आरोपी जाते जाते सौरभ का मोबाइल ले जाने का प्रयास करते है लेकिन बार बार रिक्वेस्ट करने के बाद उसे फेंककर चले जाते हैं। सौरभ ने इसकी सूचना अपने परिजनों व पुलिस को दी। सौरभ के अनुसार उसके गल्ले में करीब 70 हजार की नकदी थी जिसे बदमाश ले गए हैं। थाना प्रभारी देवीलाल ने बताया कि बाइक सवार आरोपी पिस्तौल के बल पर नकदी लूट कर ले गए हैं, पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है।