पुलिस लाइन फतेहाबाद में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर श्रद्वांजलि देते हुए एसपी स्त्रोत पुलिस
फतेहाबाद। पुलिस स्मृति दिवस पर बुधवार को पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। एसपी निकिता खट्टर ने पुलिस स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों को नमन किया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। एसपी निकिता ने कहा कि वीर शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उनकी वीरता, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी
समारोह में फतेहाबाद के शहीद सिपाही महेंद्र सिंह और मुख्य सिपाही साजंट के बलिदान को याद किया गया। महेंद्र सिंह 25 जुलाई 1991 को सिरसा में उग्रवादियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए थे जबकि मुख्य सिपाही साजंट ने 22 अप्रैल 2008 को अपराधियों का मुकाबला करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। एसपी ने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उनके त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
-
हॉट स्प्रिंग्स की घटना से जुड़ा है दिवस
एसपी ने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हुए थे। उन्हीं की स्मृति में हर वर्ष पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनसेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर रहना चाहिए। समारोह में जिले के डीएसपी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।