फतेहाबाद। नवरात्र के शुभ अवसर पर पहले दिन शहर के बाजारों में जीएसटी के कम होने का अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है। इसका मुख्य कारण है, सरकार द्वारा हाल ही में कुछ वस्तुओं पर माल और सेवा कर (जीएसटी) की दरों में की गई कटौती। इस कटौती से विभिन्न उत्पादों की कीमतें कम हुई हैं, जिससे ग्राहकों को खरीदारी करने के लिए प्रोत्साहन मिला है। खासकर दोपहिया वाहनों, एयर कंडीशनर (एसी) और एलईडी टीवी जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बिक्री में भारी उछाल आया है।
-
शहर के सिरसा रोड पर ऑटोमोबाइल डीलर आशु शर्मा का कहना है कि जीएसटी दरों में कमी के बाद दोपहिया वाहनों की मांग में काफी वृद्धि हुई है। पिछले कुछ दिनों में स्कूटर और मोटरसाइकिलों की बिक्री दोगुनी हो गई है। हमारी कंपनी के वाहन जीएसटी कम होने करीब 10 हजार रुपये तक सस्ते हुए हैं। जिससे ग्राहकों को काफी फायदा हो रहा है। सोमवार को जीएसटी के कम होने के कारण उनकी कंपनी के करीब 25 दो पहिया वाहन बिके हैं। वहीं लोग लगातार खरीदारी भी कर रहे हैं।
जीएसटी के कम होने से एसी की मांग भी बढ़ी
इलेक्ट्रॉनिक सामान पर भी जीएसटी कम होने से एसी और एलईडी टीवी जैसे बड़े उपकरणों की बिक्री में भी वृद्धि हुई है। शहर के एसबीआई रोड पर स्थित विशाल इलेक्ट्रॉनिक के मालिक साहिल असीजा ने बताया कि जीएसटी में कमी के बाद कीमतों में सीधे तौर पर गिरावट आई है, जिससे ग्राहकों को काफी राहत मिली है। लोग अब पुराने मॉडलों को अपग्रेड करने या नए उपकरण खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं। खासकर एलईडी टीवी और स्मार्ट टीवी की बिक्री में काफी तेजी आई है। ग्राहक अब बड़े स्क्रीन वाले टीवी कम कीमत में खरीद पा रहे हैं।
केंद्र सरकार ने जीएसटी की दरों में बदलाव करके आम आदमी को बड़ी राहत दी है। किसानों को इससे काफी फायदा हुआ है। पहले कृषि यंत्रों पर बहुत ज्यादा जीएसटी लगाया जा रहा है,अब इसे पूरी तरह से हटा लिया गया है। इससे किसानों को राहत मिली है। लेकिन इसमें अभी भी बहुत ज्यादा सुधार की गुंजाइश है।
- प्रदीप कुमार, प्रगतिशील किसान गाजुवाला।
जीएसटी की दरों में कमी से लोगों को बड़ी राहत मिली है, इसमें कोई शक नहीं है। लेकिन अभी भी बहुत सारी चीजों पर बहुत ज्यादा टैक्स वसूला जा रहा है, जिससे महंगाई बढ़ी हुई है। इसमें बिजली के उपकरण शामिल है। घर निर्माण संबंधित वस्तुओं पर अभी भी बहुत ज्यादा जीएसटी है, इससे लोगों की बुनियादी जरूरतों पर बुरा असर पड़ रहा है। इन वस्तुओं पर भी जीएसटी कम किया जाना चाहिए।
-कर्मबीर सैनी, इलेक्ट्रिशियन कन्हड़ी।