रतिया मार्केट कमेटी कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करने पहुंचे नवनियुक्त मार्केट कमेटी सचिव संजीव
रतिया। दूसरे राज्यों से धान लाकर बेचने के मामले में मार्केट कमेटी के सचिव ओमप्रकाश चहल का सोमवार देर रात तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह तरावड़ी मार्केट कमेटी से संजीव सचदेवा को नया सचिव नियुक्त किया गया है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय किसान यूनियन (खेती बचाओ) के प्रदेश अध्यक्ष राजविंदर चहल और किसानों ने रतिया क्षेत्र में दूसरे राज्यों से आई धान से भरी कई ट्रॉलियां पकड़ी थी। किसानों ने आरोप लगाया था कि यूपी-बिहार से सस्ता धान लाकर रतिया अनाज मंडी में हरियाणा का धान बताकर बेचा जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लेते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए थे। नवनियुक्त सचिव संजीव सचदेवा मंगलवार को मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचे और कार्यभार ग्रहण कर लिया।
-
काम संभालते ही जांचा रिकॉर्ड
इस दौरान उन्होंने कार्यालय के रिकॉर्ड का जायजा लिया और कर्मचारियों से मंडी की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। सचिव संजीव ने बताया कि मंडी में पारदर्शिता के साथ काम किया जाएगा और बाहर से धान लाकर बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।