जाखल। नगर पालिका चुनाव मार्च माह में संपन्न होने के बाद अब उपप्रधान पद के लिए सरगर्मियां तेज हो गई हैं। टोहाना के उपमंडल अधिकारी की ओर से सभी पार्षदों को चुनाव के लिए नोटिस जारी कर दिए गए हैं। उपप्रधान पद के लिए 17 सितंबर को चुनाव होगा। इसमें पार्षदों के बीच गहमा-गहमी देखने को मिल रही है।
मार्च में हुए नगर पालिका चुनाव में पहली बार जनता ने चेयरमैन का सीधा चुनाव किया था। इसमें विकास कामरा विजयी हुए थे, लेकिन उपप्रधान का चयन पार्षदों द्वारा ही किया जाना है। ऐसे में यह पद पाने के लिए जोड़तोड़ का दौर शुरू हो चुका है।
सूत्रों के अनुसार, करीब छह पार्षद उपप्रधान पद की दौड़ में हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला और पूर्व कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली के समर्थित पार्षद भी इस पद के लिए सक्रिय हैं। इस वजह से यह चुनाव खासा रोचक होता जा रहा है। इधर, उपप्रधान की कुर्सी के दावेदार अन्य पार्षदों को अपने पक्ष में करने में जुट गए हैं। शहरवासी भी अब 17 सितंबर का इंतजार कर रहे हैं कि उपप्रधान की कुर्सी किसके हिस्से में आती है।
बहुमत से होगा उपप्रधान पद का चुनाव : उपप्रधान का चुनाव पार्षदों के बहुमत से होगा। वर्तमान में जाखल नगर पालिका में 1 प्रधान व 14 पार्षद हैं। उपप्रधान चुनाव में प्रधान को भी वोट का अधिकार है। ऐसे में अगर सभी सदस्य 17 सितंबर को आयोजित होने वाली बैठक में मौजूद रहते हैं तो 15 वोटों में से जिसको भी 8 वोट मिलेंगे वह उपप्रधान चुना जाएगा।
बहुमत से होगा उपप्रधान पद का चुनाव
उपप्रधान का चुनाव पार्षदों के बहुमत से होगा। वर्तमान में जाखल नगर पालिका में 1 प्रधान व 14 पार्षद हैं। उपप्रधान चुनाव में प्रधान को भी वोट का अधिकार है। ऐसे में अगर सभी सदस्य 17 सितंबर को आयोजित होने वाली बैठक में मौजूद रहते हैं तो 15 वोटों में से जिसको भी 8 वोट मिलेंगे वह उपप्रधान चुना जाएगा।
-
यह रहेगा चुनाव का शेड्यूल
टोहाना के उपमंडल अधिकारी की ओर से पार्षदों को भेजे गए पत्र के अनुसार 17 सितंबर को दोपहर सभी पार्षदों को 11.15 बजे हाजिर होना अनिवार्य किया है। सवा 11 बजे के बाद 11.45 मिनट तक नामांकन पत्र लिए जाएंगे तथा 11-45 बजे से दोपहर 15 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। 12 बजे 12.15 बजे तक नाम वापसी होगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे मतदान होगा। यह चुनाव प्रक्रिया आधे घंटे तक जारी रहेगी। मतदान के तुरंत बाद परिणाम की घोषणा की जाएगी।