फतेहाबाद। थाना शहर फतेहाबाद पुलिस ने अशोक नगर निवासी एक युवती द्वारा एक युवक के लगातार फोन काॅल्स से परेशान होकर सुसाइड किए जाने के मामले में आरोपी युवक विकास को काबू किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस को एक मोबाइल भी बरामद हुआ है।
जांच प्रभारी सुरेंद्रा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि 15 सितंबर को नायब सिंह निवासी अशोक नगर ने शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उसकी नातिन, जो बीसीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी, ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
शिकायतकर्ता ने बताया कि नातिन को मोहल्ले में रहने वाला विकास पुत्र मनोहर लाल निवासी अशोक नगर, फतेहाबाद पिछले कई दिनों से मोबाइल फोन पर कॉल और संदेशों के माध्यम से लगातार परेशान कर रहा था। इस बारे में आरोपी के माता-पिता को पहले भी चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद विकास अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इसी मानसिक उत्पीड़न के चलते पीड़िता ने यह कदम उठाया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सभी साक्ष्य एकत्र कर आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसका उपयोग युवती को परेशान करने के लिए किया गया था।