रतिया में अधर में लटका हुआ महिला कॉलेज को जाने वाले रोड का निर्माण कार्य।
रतिया। फतेहाबाद रोड से महिला कॉलेज जाखनदादी तक बंद पड़े सड़क के निर्माण कार्य के लिए उपमंडल प्रशासन सक्रिय हो गया है। अब एसडीएम के निर्देशों पर इस रोड को इंटरलॉक के बजाय तारकोल से बनाया जाएगा।
इसके लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से हेड क्वार्टर में एस्टीमेट भेज दिया गया है। एस्टीमेट पास होते ही इसका कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद रोड से लेकर महिला कॉलेज तक करीब 70 लाख रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क का टेंडर आवंटित किया गया था। जब ठेकेदार की ओर से सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया था, तो लोगों ने यह कहकर निर्माण कार्य रुकवा दिया था कि पहले यह बजरी व तारकोल की बनी हुई थी, जो मजबूत थी।
अब अगर इंटरलॉक की सड़क बनाई गई तो यह जल्द टूट जाएगी। क्योंकि इस सड़क पर छह से ज्यादा राइस मिल भी बने हुए हैं। इस कारण भारी वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। उस समय जब निर्माण कार्य रोक दिया गया था तो ठेकेदार की ओर से आठ महीने बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया और सड़क पर केवल पत्थर डालकर ही निर्माण को रोक दिया गया।
इस कारण लोग काफी परेशान थे और महिला कॉलेज आने जाने वाली छात्राओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। छात्राओं व संगठनों ने एसडीएम को शिकायत देकर निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग की थी। इस संबंध में एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की विशेष बैठक बुलाई, जिसमें एसडीएम ने निर्देश दिए कि लोगों की मांग के अनुसार इस रोड को इंटरलॉक के बजाय बजरी व तारकोल का बनाया जाए। इसके बाद अब लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने इस रोड को इंटरलॉक के बजाय तारकोल का बनाने के लिए पंचकूला हेड क्वार्टर में एस्टीमेट भेज दिया है। एस्टीमेट पास होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
महिला कॉलेज को जाने वाले रोड के लिए कई बार शिकायत आई हुई थी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को इंटरलॉक के बजाय तारकोल का बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
- जगदीश चंद्र, एसडीएम