भूना (फतेहाबाद)। मनी ट्रांसफर की एवज में कमीशन का लालच देकर ठगी करने वाला गिरोह क्षेत्र में सक्रिय है। गिरोह की चपेट में आकर गोरखपुर तथा भूना के सीएससी संचालक ठगी का शिकार हो चुके हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गिरोह के सदस्य फिल्मी स्टाइल में एकांत में कॉमन सर्विस सेंटर चलाने वाले लोगों को ही अपने चंगुल में फंसा कर घटना को अंजाम दे रहे हैं। मनी ट्रांसफर की एवज में दस प्रतिशत कमीशन के चक्कर में हजारों रुपये का आर्थिक चूना आसानी से लगाकर रफू चक्कर हो जाते हैं।
पुलिस को दी शिकायत में हिसार रोड भूना में ढिल्लो कॉमन सर्विस सेंटर के संचालक अनिल कुमार ने बताया कि वह कमीशन पर मनी ट्रांसफर का कार्य भी करता है। 22 नवंबर को एक युवक उसकी दुकान पर आया और कहा कि 15 हजार रुपये कैश दे देगा, उसके खाते में राशि ट्रांसफर कर दो। राशि ट्रांसफर के लिए आरोपी युवक ने एक स्कैनर दिया। अनिल कुमार ने स्कैनर पर 15 हजार रुपये भेज दिए। परंतु आरोपी ने अपनी जेब में हाथ मारते हुए दुकानदार से कहा कि वह पर्स अपनी दुकान पर भूल आया है, अपना आदमी उसके साथ भेज दो, वहां जाकर दे देगा। सीएससी संचालक ने अपने दोस्त को युवक के साथ भेज दिया। मगर खैरी चौक पर पहुंचकर आरोपी ने सीएससी संचालक के दोस्त को बाइक से नीचे उतार कर एक घर के दरवाजे के सामने आवाज लगाने को कहा, जैसे ही वह गया तो आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया।
पीड़ित ने बताया कि यह राशि खैरी चौक पर संधा जरनल स्टोर को ट्रांसफर हुई थी, जिस दुकान पर जाकर पता किया तो ठगी की घटना का खुलासा हुआ। संधा स्टोर के दुकानदार ने बताया कि उसके पास भी वही आरोपी आया था और उसने 15000 नकद मांगे थे। उन्होंने नकद नहीं दिए तो आरोपी स्कैनर का फोटो खींचकर चला गया। मगर कुछ देर बाद उसके खाते में पैसे आए और बाद में वही युवक आकर ले गया। सिवानी के जांगड़ा कॉमन सेंटर पर भी 11 नवंबर को इसी तरह की घटना को अंजाम दिया गया। गांव गोरखपुर के नसीब सर्विस सेंटर के संचालक नसीब सिंह भी ठगी का शिकार होते-होते बच गए। आरोपी ने ठगी का पूरा षड्यंत्र रच लिया था। मगर उसकी सूझबूझ से आरोपी के मोटरसाइकिल की चाबी निकाल कर पैसे वापस देने के लिए दबाव बना लिया। इससे नसीब के साथ ठगी होते-होते बच गई। थाना अध्यक्ष शादी राम ने बताया कि पुलिस पूरे घटनाक्रम को लेकर हर पहलुओं की जांच कर रही है। ढिल्लों सर्विस सेंटर के संचालक अनिल कुमार ने शिकायत दी है।