फतेहाबाद। शहर के मुख्य रोड पर निकाली जा रही जगन्नाथ रथ यात्रा का रथ खींचते श्रद्धालु। संवाद
फतेहाबाद। इस्कॉन के तत्वावधान में शनिवार को भगवान श्रीजगन्नाथ, बलदेव और माता सुभद्रा की रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। दुर्गा मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा के बाद रथयात्रा का शुभारंभ हुआ।
सुसज्जित दिव्य रथ पर विराजमान भगवान के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। रथयात्रा हिसार-सिरसा रोड, थाना रोड और जवाहर चौक से होते हुए वापस दुर्गा मंदिर पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने रथ की पवित्र रस्सी खींचकर आस्था प्रकट की।
पूरे मार्ग में हरे कृष्ण, हरे राम महामंत्र का संकीर्तन, भजन और नृत्य से वातावरण भक्तिमय बना रहा। महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने रथयात्रा में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान भगवान जगन्नाथ के प्रसाद का वितरण किया गया।