टोहाना। शहर के रतिया रोड पर चावल ब्रोकर से कार व नकदी लूट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस ने लूटी हुई कार को जींद के सिविल थाना एरिया के पार्क से बरामद किया है, जिसे शहर थाना में लाया गया। पुलिस द्वारा बरामद की गई कार से आगे व पीछे की नंबर प्लेट गाड़ी की डिग्गी में मिली तथा शीशे में भी हल्का क्रेक है। पुलिस प्रशासन ने टीमें गठित कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई जगहों पर छापे मारे।
पुलिस को दिए बयान में हिसार के उकलाना क्षेत्र के गांव बिठमड़ा निवासी 34 वर्षीय मोहनलाल उर्फ मोनू ने बताया था कि वह टोहाना, रतिया, जाखल व कुलां में चावल ब्रोकर का काम करता है। 26 मार्च को अपनी कार से करंडी में फार्मर राइस मिल में जाने के लिए घर से चला था, जहां उसने मालिक प्रिंस से तीन लाख रुपये लेने थे। जब वो रतिया रोड के पास पहुंचा तो उसने गाड़ी रोककर प्रिंस व उसके पार्टनर से बात की जिस पर उन्होंने कहा कि थोड़ी देर में रुपये देने के लिए कॉल करेंगे। मगर उनका कॉल नहीं आया। उसने बताया कि वह प्रिंस के फोन का इंतजार कर रहा था तभी एक बाइक पर सवार होकर तीन लड़के आए। उन्होंने उसकी गाड़ी के पास बाइक रोककर गांव जुंडला के बारे में पूछा तो उसने कहा कि यह रोड कुलां जाता है तभी एक लड़के ने उसकी आंख में लाल मिर्च डाली तथा दूसरे ने उसकी बाजू पर गोली चला दी, जिसके बाद वह डर गया। उसने कहा कि जो लेकर जाना है, ले जाओ उसे मत मारो तो आरोपी उससे कार और उसमें रखी 11 लाख की नकदी व दोनों मोबाइल छीनकर ले गए।
रिश्तेदार से लिए थे रुपये
मोहनलाल उर्फ मोनू ने बताया कि उसका साला खरडवाल निवासी कुलदीप उसके बिजनेस में मदद करता है। वह 9 लाख रुपये कौशिक राइस मिल के मालिक प्रदीप से उसके कहे अनुसार लेकर आया था। कुलदीप उसे 22 मार्च को उसके घर रुपये देकर गया था, वहां उसके घर बेटा होने पर कुआं पूजन कार्यक्रम किया गया था। कार्यक्रम में करीब तीन लाख रुपये खर्च आया। उसने बताया कि वह 11 लाख रुपये काले रंग के थैले में डालकर कार की पीछे वाली सीट पर रखकर अपने साथ ले जा रहा था, जो उसे दिल्ली के व्यापारी प्रदीप को देने थे। उसने घटना के बारे में अपने चाचा होशियार को बताया, जो उसे नागरिक अस्पताल में लेकर आया। चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए अग्रोहा रेफर कर दिया।
कोट
लूटी हुई कार को जींद के सिविल लाइन थाना एरिया के अंतर्गत आने वाले पार्क से बरामद किया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें कार्रवाई में लगी हुई है। शीघ्र आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
बलवान सिंह, शहर थाना प्रभारी, टोहाना