फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर और दवाई काउंटर मरीजों को दर्द दे रहा है। दर्द बीमारी का नहीं बल्कि दो-दो घंटे गर्मी और उमस में बारी के इंतजार का है। ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर एक ही महिला ऑपरेटर होने के चलते पर्ची कटवाने के लिए मरीजों को दो से ढाई घंटे तक लाइन में इंतजार करना पड़ रहा है। वीरवार साढ़े 12 बजे तक मरीजों की पर्ची कटवाने के लिए लाइन लगी रही। हेल्प डेस्क पर पहले पुरानी पर्ची पर नंबर जारी होता था लेकिन उसे बंद कर दिया गया है। इसके चलते नई और पुरानी पर्ची का रजिस्ट्रेशन एक ही काउंटर पर हो रहा है और वहां पर एक ही कर्मचारी है। दवा काउंटर पर भी ये ही हालात है। वीरवार दो दोपहर डेढ़ बजे तक मरीजों की यहां लंबी लाइन लगी रही। गर्मी के बीच मरीज बारी आने का इंतजार करते रहे। यहां भी कर्मचारियों की कमी के चलते मरीजों को परेशानी हो रही है।
ओपीडी में बढ़ रहे हैं नेत्र और चर्म रोगी
नागरिक अस्पताल में रोजाना 650 से 700 मरीजों तक की ओपीडी होती है। इन दिनों नेत्र और चर्म रोगी बढ़ रहे हैं। बाढ़ के बाद चर्म रोगी मरीजों का आंकड़ा चार हजार के पार हो चुका है। इसके अलावा आईफ्लू के कारण नेत्र रोगियों की संख्या भी बढ़ी है। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश चौधरी का कहना है कि आई ड्रॉप्स चार हजार आ गई है और पांच हजार की डिमांड की गई है।
अस्पताल में दूसरे दिन भी लगा कैंप
नागरिक अस्पताल में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत वीरवार को दूसरे दिन भी कैंप लगाया गया। कैंप में गर्भवती का रजिस्ट्रेशन करके जांच की गई। जांच के दौरान हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर माह की 9,10 और 23 को कैंप लगाकर जांच की जाती है।
कोट
ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर दो कर्मचारी हैं। एक कर्मचारी छुट्टी पर है। मरीजों को कोई दिक्कत न आएं, इसको लेकर व्यवस्था की जाएगी।
-डॉ. राजेश चौधरी, एसएमओ, नागरिक अस्पताल फतेहाबाद।