टोहाना। जिला ड्रग कंट्रोलर धीरज कुमार की टीम ने बुधवार को राजनगर के बलियाला रोड स्थित लाइफ केयर क्लीनिक पर छापा मारकर उसे सील कर दिया। टीम के मुताबिक, क्लीनिक संचालक फिरोज खान मौके पर नहीं पाए गए।
धीरज कुमार ने बताया कि विभाग के पास शिकायत आई थी कि क्लीनिक पर नशीली दवाइयां और गर्भपात किट अवैध रूप से बेची जा रही हैं। शिकायत मिलने के बाद टीम ने जांच के लिए क्लीनिक में छापा मारा। इस दौरान क्लीनिक खुला मिला, लेकिन संचालक मौजूद नहीं था। टीम ने मौके पर वार्ड के पार्षद को बुलाकर फिरोज खान को उपस्थित होने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं आए। इसके बाद क्लीनिक को सील कर दिया गया। आगामी कार्रवाई के तहत फिरोज खान को जांच में शामिल होने का नोटिस दिया जाएगा। संवाद