जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से शहर में अभियान चलाकर पेयजल व सीवरेज कनेक्शनों को मौके पर ही मंजूर किया जा रहा है। इसके तहत 25 जुलाई तक लोगों को अपने कनेक्शन नियमित करवाने का अवसर मिलेगा। अभियान पूरा होने के बाद विभाग द्वारा अवैध कनेक्शनों को काटने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ आदर्श सिंगला ने बताया कि विभाग द्वारा पिछले कई दिनों से संयुक्त रूप से शहर में जल संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत छह टीमों द्वारा घर-घर जाकर कनेक्शनों का सर्वे किया जा रहा है। इस दौरान क्लोरीन की मात्रा की जांच के लिए पेयजल के कम से कम 20 नमूने प्रतिदिन लिए जा रहे हैं।
इसके अलावा लोगों को अपने अवैध कनेक्शन नियमित करवाने के लिए मौके पर ही औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इसके लिए पेयजल कनेक्शन के लिए 1000 रुपये, सीवरेज कनेक्शन के लिए 500 रुपये समेत सामान्य रोड कट चार्ज लेकर कनेक्शन नियमित किए जा रहे हैं। फाइल तैयार करने का कोई खर्च नहीं लिया जा रहा है।