फतेहाबाद। पुलिस ने सीजेएम अंबरदीप सिंह की अदालत में फर्जी तरीके से जमानत लेने के मामले में वकील सचिन डूडी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वकील सचिन को ड्यूटी मजिस्ट्रेट जोगिंद्र जांगड़ा की अदालत में पेश किया। जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर सौंप दिया गया है।
शहर थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि वकील सचिन को शुक्रवार शाम अग्रोहा के पास से गिरफ्तार किया गया। उसे शनिवार को अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड लिया है। रिमांड के दौरान वकील से मोबाइल फोन और रुपये बरामद किए जाने हैं। उन्होंने फर्जी अभिलेख कहां तैयार करवाए, इस बात का भी पता किया जाएगा।
सीजेएम अंबरदीप सिंह की अदालत के रीडर की शिकायत पर फर्जी जमानत लेने के मामले में शहर फतेहाबाद पुलिस ने एक वकील व महिला पंच सहित चार लोगों के खिलाफ धारा 120बी, 419, 420, 465, 467, 468 व 471 के तहत केस दर्ज किया था।
इस मामले में कोर्ट के रीडर ने बताया था कि इसी 12 अप्रैल को दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में 30 मई को बल्लभगढ़ फरीदाबाद निवासी आरोपी रोहित कुमार की जमानत करवाने के लिए गांव कुलेरी निवासी रणदीप ने खुद को राकेश के रूप में पेश किया। उसकी शिनाख्त दर्शना पंच ने की। राजपाल और सचिन ने षड्यंत्र के तहत रोहित की जमानत करवाने की कोशिश की।
जब कोर्ट के रीडर को इस बात का पता चला तो उन्होंने इसकी शिकायत शहर थाना पुलिस को दी। शहर थाना फतेहाबाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी रणदीप, दर्शना पंच, राजपाल को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया था।