फतेहाबाद। जिला मुख्यालय के भोड़िया खेड़ा स्टेडियम में बना लॉन टेनिस का कोर्ट। संवाद
फतेहाबाद। जिला मुख्यालय के भोड़ियाखेड़ा स्टेडियम में 21 लाख रुपये की लागत से तैयार लॉन टेनिस कोर्ट अब तक शुरू नहीं हो पाया है। जिले में न तो लॉन टेनिस का प्रशिक्षक है और न ही नियमित खिलाड़ी जिसके कारण तैयार सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जिला परिषद की ओर से बनवाए गए इस कोर्ट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है लेकिन अभी तक इसे खेल विभाग को नहीं सौंपा गया है। इसके चलते कोर्ट के संचालन और रखरखाव की व्यवस्था भी तय नहीं हो पाई है। जबकि किसी भी खेल को आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षक, खिलाड़ियों की पहचान, प्रशिक्षण शिविर और प्रतियोगिताओं का आयोजन जरूरी है।
खेल प्रेमी विनोद अरोड़ा, सुधीर अरोड़ा, विकास और अशोक रसेवट ने कहा कि केवल खेल मैदान तैयार कर देना पर्याप्त नहीं होता। यदि टेनिस कोच की नियुक्ति की जाए और स्कूलों व कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण शिविर शुरू किए जाएं तो युवाओं की इस खेल में रुचि बढ़ सकती है। इससे तैयार कोर्ट का बेहतर उपयोग होगा और जिले से भविष्य में अच्छे खिलाड़ी सामने आ सकेंगे।
-
टेनिस कोर्ट का औपचारिक हस्तांतरण होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद कोर्ट के संचालन, रखरखाव और खिलाड़ियों को अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उम्मीद है कि प्रशासनिक प्रक्रिया जल्द पूरी होगी ताकि लाखों रुपये की लागत से तैयार यह खेल सुविधा लंबे समय तक बेकार न पड़ी रहे।
- विष्णु दास, जिला खेल अधिकारी, फतेहाबाद।