आग से हुए नुकसान की जानकारी देता दुकानदार संदीप।
टोहाना। भूना रोड स्थित सोनू मोबाइल वर्ल्ड की दुकान में वीरवार देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये कीमत का सामान जलकर नष्ट हो गया।
दुकानदार संदीप के अनुसार आग की यह घटना तड़के करीब 3 बजे की है। भूना रोड पर काम करने वाले चौकीदार ने दुकान से धुआं निकलते देखा और तुरंत दुकान मालिक संदीप को सूचित किया। संदीप जब अपने भाई गुलशन के साथ मौके पर पहुंचा तो आग की लपटें उठ रही थीं। आग की सूचना दमकल विभाग को सूचना दी गई।
इसके दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया तब तक दुकान का ज्यादातर सामान जल चुका था। इस दौरान पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। दुकान में लगा एयर कंडीशनर, एलईडी, नए मोबाइल फोन और मरम्मत के लिए आए ग्राहकों के फोन जल गए। इसके अलावा फोल्डर और दुकान का फर्नीचर भी आग की भेंट चढ़ गया।
दुकानदार संदीप पिछले 6 साल से यहां मोबाइल फोन की दुकान चला रहे थे। उन्होंने बताया कि आग से करीब 11 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।