फतेहाबाद। शहर के मुख्य बाजार में शामिल हंस मार्केट के दुकानदार और यहां आने वाले ग्राहक बुनियादी सुविधा न होने से परेशान हैं। मार्केट में सैकड़ों दुकानें हैं और रोजाना हजारों लोग आते हैं, बावजूद इसके कोई सार्वजनिक शौचालय मौजूद नहीं है। दुकानदारों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से जल्द शौचालय निर्माण की मांग की है।
स्थानीय दुकानदार संदीप, रमन, दीपक और सन्नी ने बताया कि शौचालय न होने के कारण यूरिन इंफेक्शन और किडनी से जुड़ी बीमारियों का डर बना रहता है। शौचालय के लिए कई बार घर तक जाना पड़ता है, जिससे समय और मेहनत दोनों प्रभावित होते हैं। विशेष रूप से महिला ग्राहक और महिला कर्मचारी इस स्थिति से अधिक प्रभावित हैं।
शौचालय न होने के कारण कुछ लोग खुले में गंदगी फैलाते हैं, जिससे पूरे मार्केट में दुर्गंध फैलती है और स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ते हैं। दुकानदारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
हंस मार्केट शहर का दिल है, लेकिन यहां की व्यवस्था किसी पिछड़े गांव जैसी है। सुबह 9 बजे दुकान खोलते हैं और रात 8 बजे तक यहां रहते हैं। शौचालय न होने के कारण मजबूरी में घर जाना पड़ता है।
- संदीप, दुकानदार।
शौचालय की कमी का सबसे बुरा असर हमारे पास आने वाली महिला ग्राहकों पर पड़ता है। शौचालय नहीं होने के कारण महिलाएं थाना रोड पर स्थित दुकानों पर खरीदारी के लिए जाती है।
- रमन, दुकानदार।
-
प्रशासन की ओर से हर साल टैक्स तो लिया जाता है, लेकिन सुविधाएं नहीं दी जा रही है। हंस मार्केट में कुछ जगह प्रशासन की है, कौन से विभाग की है, इस बारे में मुझे नहीं पता है।
- अजय, दुकानदार।
-
हंस मार्केट में दुकानों की संख्या 100 से अधिक है। यहां काम करने वाले कर्मचारी भी पूरे दिन परेशान रहते हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्ग दुकानदारों को आती है। प्रशासन को कम से कम एक सुलभ शौचालय का निर्माण तुरंत करवाना चाहिए।
- दीपक कुमार, दुकानदार।
-
हंस मार्केट में शौचालय के निर्माण का मामला संज्ञान में है। नगर परिषद के पास खुद की जगह न होने के कारण दिक्कत आ रही है।
- राजेंद्र खिंची, प्रधान नगर परिषद फतेहाबाद।