भूना। टोहाना रोड पर ज्वेलरी शोरूम संचालक नरेश सोनी को अपराध अनुसंधान शाखा फतेहाबाद के प्रभारी इंस्पेक्टर कपिल सिहाग के नेतृत्व में टीम ने क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते हुए काबू किया। पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन व क्रिकेट मैच का हिसाब किताब लिखा हुआ रजिस्टर तथा एक लाख बीस हजार रुपये बरामद किए है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सीआईए प्रभारी कपिल सिहाग ने बताया कि सोमवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि ज्वेलरी शोरूम के ऊपर के भवन में अग्रवाल कॉलोनी निवासी शोरूम संचालक नरेश सोनी क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवा रहा है। एसपी आस्था मोदी के संज्ञान में मामला लाकर छापा मारने ईएचसी सुभाष चंद्र, कांस्टेबल कमलदीप सिंह, रोहताश कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छापा मारा तो नरेश सोनी चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मैच पर सट्टा लगाते हुए मिला। पुलिस ने तुरंत उसे दबोच लिया। आरोपी के हाथ में मोबाइल था, जिसके माध्यम से क्रिकेट सट्टे का मोल भाव चला रहा था और एक मोबाइल फोन उसके पास बेड पर रखा हुआ था।